BTS के साथ Netflix की बड़ी डील , डॉक्यूमेंट्री जल्द रिलीज
स्ट्रीमिंग दिग्गज नेटफ्लिक्स ने विश्वप्रसिद्ध कोरियन के-पॉप बैंड BTS के साथ बड़ी साझेदारी का ऐलान किया है। मंगलवार को की गई इस घोषणा के अनुसार , नेटफ्लिक्स पर BTS की बहुप्रतीक्षित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘ BTS : The Return ’ रिलीज की जाएगी। इसके साथ ही , बैंड के आगामी ग्रैंड कमबैक कॉन्सर्ट को भी नेटफ्लिक्स पर दुनियाभर में लाइव स्ट्रीम किया जाएगा , जिसके एक्सक्लूसिव अधिकार प्लेटफॉर्म के पास होंगे।
करीब चार साल के लंबे म्यूजिकल ब्रेक के बाद BTS एक बार फिर से ग्लोबल स्टेज पर वापसी के लिए पूरी तरह तैयार है। कोविड-19 महामारी और सदस्यों की अनिवार्य मिलिट्री सर्विस के चलते यह ब्रेक लिया गया था। अब बैंड न सिर्फ नया म्यूजिक लेकर आ रहा है , बल्कि एक भव्य लाइव कॉन्सर्ट और डॉक्यूमेंट्री के जरिए अपने फैंस से दोबारा जुड़ने वाला है।
BTS का यह कमबैक एल्बम ‘ ARIRANG ’ 20 मार्च 2026 को रिलीज किया जाएगा। यह एल्बम बैंड का पांचवां स्टूडियो एल्बम होगा। इससे पहले BTS का चौथा स्टूडियो एल्बम ‘ Map of the Soul : 7 ’ फरवरी 2020 में रिलीज हुआ था। ‘ ARIRANG ’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है और इसकी प्री-बुकिंग 16 जनवरी से ही शुरू हो चुकी है।
एल्बम रिलीज के ठीक एक दिन बाद , यानी 21 मार्च 2026 को BTS साउथ कोरिया की राजधानी सियोल के ऐतिहासिक ग्वांगवामुन स्क्वायर में एक मेगा लाइव परफॉर्मेंस देगा। इस कॉन्सर्ट को ‘ BTS The Comeback Live ’ नाम दिया गया है। खास बात यह है कि इस ऐतिहासिक कॉन्सर्ट को नेटफ्लिक्स दुनियाभर में लाइव स्ट्रीम करेगा, जिससे करोड़ों फैंस रियल-टाइम में इस पल का हिस्सा बन सकेंगे।
इसके अलावा , BTS की कमबैक जर्नी को दिखाने वाली डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘ BTS : The Return ’ भी नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। यह फिल्म 27 मार्च 2026 से दर्शकों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। डॉक्यूमेंट्री में बैंड के नए एल्बम ‘ ARIRANG ’ के निर्माण की पूरी कहानी , पर्दे के पीछे की मेहनत , सदस्यों की व्यक्तिगत भावनाएं और लंबे ब्रेक के बाद वापसी की तैयारी को विस्तार से दिखाया जाएगा।
BTS बैंड में जिन , सुगा , जे-होप , आरएम , जिमिन , वी और जंग कुक शामिल हैं। 2022 में ब्रेक लेने के बाद यह पहला मौका होगा जब सभी सदस्य एक साथ फुल-फॉर्म में नजर आएंगे। लंबे इंतजार के बाद BTS की वापसी ने फैंस की उम्मीदों को और भी बढ़ा दिया है।
नेटफ्लिक्स और BTS की यह साझेदारी म्यूजिक और स्ट्रीमिंग इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा मील का पत्थर मानी जा रही है , जो के-पॉप की ग्लोबल ताकत को एक बार फिर साबित करती है। – Report by : वंशिका माहेश्वरी



