Facebook Twitter Instagram youtube youtube

भारत से नॉकआउट भिड़ंत पर क्या करेगा पाकिस्तान ? बहिष्कार का असर तय

 भारत से नॉकआउट भिड़ंत पर क्या करेगा पाकिस्तान ? बहिष्कार का असर तय
Spread the love

टी20 विश्व कप से पहले भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान सरकार और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप का मुकाबला खेलने से इनकार कर दिया है। दोनों टीमों के बीच यह हाई-वोल्टेज मैच 15 फरवरी को कोलंबो में होना है , लेकिन पाकिस्तान ने अब इस मुकाबले का बहिष्कार करने का फैसला लिया है। इस फैसले के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने मामले में हस्तक्षेप किया है और पीसीबी से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रही है।

आईसीसी ने पाकिस्तान सरकार और पीसीबी के इस रुख पर सवाल उठाते हुए साफ चेतावनी दी है कि अगर पाकिस्तान अपने फैसले पर कायम रहता है तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बहिष्कार पाकिस्तान को राजनीतिक रूप से नहीं, बल्कि क्रिकेट के लिहाज से भारी पड़ सकता है।

आईसीसी के नियमों के तहत पाकिस्तान पर दंडात्मक प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। इसमें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के अंक काटे जाने की संभावना भी शामिल है। इसके अलावा पाकिस्तान को आईसीसी रैंकिंग में नुकसान उठाना पड़ सकता है और आईसीसी से मिलने वाले राजस्व में भी कटौती संभव है। इतना ही नहीं , भविष्य में आईसीसी के सदस्य देश पाकिस्तान की मेजबानी में खेलने से इनकार कर सकते हैं।

इस विवाद का असर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) पर भी पड़ सकता है। आशंका जताई जा रही है कि अन्य देशों के खिलाड़ी पीएसएल में हिस्सा लेने से मना कर सकते हैं , जिससे लीग की साख और कमाई दोनों को नुकसान होगा।

वहीं , इस पूरे घटनाक्रम से भारत को फायदा मिलने की पूरी संभावना है। अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलता है तो नियमों के अनुसार भारतीय टीम को वॉकओवर के जरिए दो अंक मिल जाएंगे। इसके लिए भारतीय टीम को टॉस के समय मैदान पर मौजूद रहना होगा और भारत को मुकाबले के लिए श्रीलंका जाना पड़ेगा। अगर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा टॉस के लिए उपस्थित नहीं होते हैं , तो मैच रेफरी भारत को विजेता घोषित कर सकते हैं।

पाकिस्तान इस टी20 विश्व कप में ग्रुप ए में शामिल है , जिसमें गत चैंपियन भारत के अलावा नामीबिया , नीदरलैंड और अमेरिका भी हैं। पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ करेगा , इसके बाद 10 फरवरी को अमेरिका से भिड़ेगा और फिर 15 फरवरी को भारत से मुकाबला तय है। ग्रुप चरण का आखिरी मैच वह नामीबिया के खिलाफ खेलेगा।

अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलता है तो उसे सीधे तौर पर दो अंकों का नुकसान होगा। ऐसे में सुपर आठ में पहुंचने के लिए उसे बाकी तीनों मुकाबले जीतने होंगे। हालांकि ग्रुप की अन्य टीमें अपेक्षाकृत कमजोर मानी जा रही हैं , लेकिन 2024 टी20 विश्व कप में अमेरिका के हाथों मिली हार पाकिस्तान के लिए चेतावनी है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर भारत और पाकिस्तान नॉकआउट या फाइनल में आमने-सामने आते हैं तो पाकिस्तान का रुख क्या होगा। सरकार के बयान में फिलहाल सिर्फ ग्रुप चरण के मैच का जिक्र किया गया है। ऐसे में आगे का फैसला क्या होगा , इस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। – Report by : वंशिका माहेश्वरी 

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *