Facebook Twitter Instagram youtube youtube

PM मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने CM फडणवीस से हादसे की जानकारी ली।

 PM मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने CM फडणवीस से हादसे की जानकारी ली।
Spread the love

पुणे/मुंबई : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार सुबह पुणे जिले के बारामती में हुए एक भीषण विमान हादसे में निधन हो गया। इस दुर्घटना में उनके साथ विमान में सवार पांच अन्य लोगों की भी मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग कर रहा था। इस दुखद घटना से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है और राजनीतिक गलियारों में गहरा सदमा देखा जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार , दुर्घटनाग्रस्त विमान लियरजेट-45 (Learjet 45, रजिस्ट्रेशन VT-SSK) था , जिसे निजी ऑपरेटर वीएसआर (VSR) संचालित कर रहा था। यह हादसा बुधवार सुबह करीब 8 : 45 बजे हुआ। लैंडिंग के दौरान विमान ने क्रैश-लैंडिंग की , रनवे से आगे निकल गया और कई हिस्सों में टूट गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन , पुलिस और एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे , लेकिन तब तक सभी यात्रियों की मौत हो चुकी थी।

प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक , विमान में कुल छह लोग सवार थे। इनमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार , दो अन्य अधिकारी , एक पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) , एक अटेंडेंट और पायलट-इन-कमांड व फर्स्ट ऑफिसर शामिल थे। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया , लेकिन किसी को भी जीवित नहीं बचाया जा सका। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर बात कर हादसे की जानकारी ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अजित पवार ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में महाराष्ट्र के विकास और समृद्धि के लिए निरंतर कार्य किया और वे जनसेवा के प्रति अपनी निष्ठा के लिए जाने जाते थे।

कई अन्य राजनीतिक नेताओं ने भी इस हादसे पर दुख जताया। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने इसे बेहद दुखद और परेशान करने वाली घटना बताया। समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव ने इसे अत्यंत दुखद समाचार कहा , जबकि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इसे सामाजिक और राजनीतिक दोनों क्षेत्रों के लिए अपूरणीय क्षति करार दिया। केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटिल ने कहा कि अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र की राजनीति का समीकरण बदल जाएगा।

हालांकि , कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने हादसे को लेकर साजिश की आशंका जताते हुए इसकी हर पहलू से जांच की मांग की है। वहीं , नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इस दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से यह हादसा हुआ , इसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

अजित पवार का बारामती से दशकों पुराना राजनीतिक और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उनके अचानक निधन से न केवल महाराष्ट्र की राजनीति , बल्कि सामाजिक स्तर पर भी गहरा आघात पहुंचा है। राज्य और केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। – Report by : वंशिका माहेश्वरी 

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *