Facebook Twitter Instagram youtube youtube

‘ न कोई पोस्ट , न स्क्रोलिंग ’ – करण जौहर ने किया सोशल मीडिया ब्रेक अनाउंस

 ‘ न कोई पोस्ट , न स्क्रोलिंग ’ – करण जौहर ने किया सोशल मीडिया ब्रेक अनाउंस
Spread the love

फिल्ममेकर और प्रोड्यूसर करण जौहर लंबे समय से सोशल मीडिया पर बेहद सक्रिय रहे हैं। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखना हो या फिर निजी जिंदगी से जुड़ी झलकियां साझा करना – करण जौहर इंस्टाग्राम के जरिए लगातार अपने फैंस से जुड़े रहते थे। हालांकि अब उन्होंने सोशल मीडिया से कुछ समय के लिए दूरी बनाने का फैसला किया है।

सोमवार शाम करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बताया कि वह करीब एक हफ्ते तक सोशल मीडिया से ब्रेक लेने जा रहे हैं। उन्होंने इसे “ डिजिटल डिटॉक्स ” करार देते हुए साफ किया कि इस दौरान वह न तो कोई पोस्ट करेंगे , न ही किसी तरह की स्क्रोलिंग या डायरेक्ट मैसेज का हिस्सा बनेंगे।

करण जौहर ने अपनी स्टोरी में लिखा , “ एक हफ्ते के लिए डिजिटल डिटॉक्स ! कोई डूम स्क्रॉलिंग नहीं ! कोई DM नहीं ! कोई पोस्ट नहीं ! उम्मीद है यूनिवर्स मुझे दूर रहने की ताकत देगा !!!! ”
इस मैसेज से साफ झलकता है कि करण इस दौरान खुद को ऑनलाइन डिस्ट्रैक्शन और डिजिटल बातचीत से पूरी तरह अलग रखना चाहते हैं।

उनका यह फैसला ऐसे समय पर आया है , जब वह सोशल मीडिया पर बढ़ती ट्रोलिंग और बॉलीवुड की मौजूदा स्थिति को लेकर चल रही तीखी बहसों का सामना कर रहे हैं। बीते कुछ समय से करण जौहर और उनके करीबी कलाकार लगातार सोशल मीडिया ट्रोल्स के निशाने पर रहे हैं। खासतौर पर हाल ही में अभिनेता वरुण धवन के समर्थन में करण जौहर के बयान चर्चा में रहे थे।

दरअसल , वरुण धवन को उनकी आने वाली फिल्म ‘ बॉर्डर 2 ’ के प्रमोशनल कंटेंट को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया था। उनके एक्सप्रेशन और लुक को लेकर उठी बहस ने न सिर्फ फैंस , बल्कि फिल्म इंडस्ट्री के भीतर भी चर्चा को जन्म दिया। इस पूरे विवाद के बीच करण जौहर ने बिना किसी का नाम लिए सोशल मीडिया पर फैले “ खोखले शोर ” पर प्रतिक्रिया दी थी।

करण जौहर ने कहा था कि असल जिंदगी में दर्शकों का प्यार और फिल्मों की सफलता, वर्चुअल दुनिया की नकारात्मकता से कहीं ज्यादा मायने रखती है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि सोशल मीडिया ट्रोलिंग अक्सर कलाकारों की छोटी-छोटी बातों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करती है , जिससे अनावश्यक विवाद खड़े होते हैं।

अपने साथियों का समर्थन करते हुए करण जौहर ने हालिया फिल्मों ‘ धुरंधर ’ और ‘ बॉर्डर 2 ’ की सफलता का जिक्र किया था। उनके मुताबिक लगातार दो बड़ी हिंदी फिल्मों की कामयाबी इस बात का सबूत है कि बॉलीवुड फिर से मजबूती के साथ वापसी कर रहा है। करण ने कहा कि जब फिल्में दर्शकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव बनाती हैं , तो नकारात्मक सोच अपने आप पीछे छूट जाती है।

अब करण जौहर का यह डिजिटल ब्रेक उनके फैंस के लिए भले ही कुछ समय की दूरी हो , लेकिन माना जा रहा है कि यह कदम उनके मानसिक संतुलन और रचनात्मक ऊर्जा के लिए बेहद जरूरी है। एक हफ्ते बाद करण जौहर सोशल मीडिया पर वापसी करेंगे या नहीं , इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। – Report by : वंशिका माहेश्वरी 

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *