पॉपुलर LGBTQ इंफ्लूएंसर की संदिग्ध हालात में मौत
सोशल मीडिया की दुनिया से एक दुखद खबर सामने आई है। ‘ अय्यरवाडी ’ नाम से मशहूर LGBTQ इंफ्लूएंसर को टिन जॉ हत्वे का निधन हो गया है। 25 वर्षीय को टिन जॉ हत्वे का शव थाईलैंड के एक जंगली इलाके से संदिग्ध हालत में बरामद किया गया है , जिसके बाद उनकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। इस खबर से उनके परिवार , दोस्तों और लाखों फैंस को गहरा सदमा लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार , को टिन जॉ हत्वे का निधन 20 जनवरी 2026 को हुआ। उनका शव थाईलैंड के माए सोट जिले के थोंग गांव के पास एक जंगली क्षेत्र में एक बड़े पेड़ के नीचे मिला। स्थानीय पुलिस के मुताबिक , शव की हालत सामान्य नहीं थी और शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं। इन्हीं कारणों से पुलिस ने उनकी मौत को प्राकृतिक न मानते हुए हत्या की आशंका जताई है।
माए सोट की लोकल पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि को टिन जॉ हत्वे को एक दिन पहले यानी 19 जनवरी को एक धमकी भरा फोन कॉल आया था। इसके बाद वह अकेले घर से निकले थे और फिर वापस नहीं लौटे। जब काफी देर तक उनसे संपर्क नहीं हो पाया , तो परिजनों और परिचितों ने उनकी तलाश शुरू की। बाद में पुलिस को जंगल में उनका शव मिलने की सूचना मिली।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से कुछ अहम सुराग जुटाए गए हैं और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी भरा कॉल किसने किया था और उसके पीछे क्या मकसद था। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है , लेकिन जांच कई एंगल से आगे बढ़ाई जा रही है।
को टिन जॉ हत्वे सोशल मीडिया पर एक जाना-माना नाम थे। वह म्यांमार के पॉपुलर LGBTQ स्टार और इंफ्लूएंसर के तौर पर पहचाने जाते थे। ब्यूटी , फैशन और लाइफस्टाइल कंटेंट के लिए उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी। इसके अलावा वह एक डिजाइनर भी थे और अपने डांस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर खासे लोकप्रिय थे। इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर उन्हें 9 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते थे।
हत्वे मूल रूप से थाई बॉर्डर टाउन माई सोट के रहने वाले थे और सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। उनकी अचानक और रहस्यमयी मौत की खबर से सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई है। फैंस और LGBTQ कम्युनिटी से जुड़े लोग उनकी मौत पर दुख जताते हुए न्याय की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। को टिन जॉ हत्वे की मौत ने न सिर्फ उनके चाहने वालों को झकझोर दिया है , बल्कि सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। – Report by : वंशिका माहेश्वरी



