Facebook Twitter Instagram youtube youtube

हिंदुओं की हत्या पर टी राजा सिंह का गुस्सा , दिया सख्त संदेश

 हिंदुओं की हत्या पर टी राजा सिंह का गुस्सा , दिया सख्त संदेश
Spread the love

हैदराबाद : बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हो रही हिंसा को लेकर एक बार फिर माहौल गरमा गया है। हाल ही में बांग्लादेश की राजधानी ढाका में एक हिंदू युवक की निर्मम हत्या के बाद इस मुद्दे पर भारत में भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में हैदराबाद के गोशामहल से विधायक टी राजा सिंह ने बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है और केंद्र सरकार से सख्त रुख अपनाने की मांग की है।

टी राजा सिंह ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब बांग्लादेश को उसकी “ औकात दिखाना जरूरी ” हो गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में दृढ़ संकल्प दिखाने का अनुरोध किया। विधायक ने कहा , “ आज ढाका में चंचल चंद्र को जिंदा जला दिया गया। बांग्लादेश कभी भारत का हिस्सा था और वहां रहने वाला हर हिंदू भारतीय है। हर हिंदू की जान बचाना प्रधानमंत्री का कर्तव्य है। अगर भारत का समर्थन न होता तो बांग्लादेश पाकिस्तान से अलग नहीं हो पाता। ”

गौरतलब है कि बांग्लादेश में हाल ही में चंचल चंद्र भौमिक नामक एक हिंदू युवक की हत्या कर दी गई। मिली जानकारी के अनुसार , चंचल चंद्र एक वर्कशॉप में मिस्त्री के रूप में काम करता था। शुक्रवार देर रात काम की अधिक थकान के कारण वह वर्कशॉप के अंदर ही सो गया था। इसी दौरान संदिग्ध लोगों ने वर्कशॉप के शटर में आग लगा दी , जिससे वह अंदर ही जिंदा जल गया।

पुलिस ने इस घटना को सुनियोजित हत्या करार दिया है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों को शटर में आग लगाते हुए देखा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। फिलहाल जांच जारी है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

यह पहला मामला नहीं है जब बांग्लादेश में किसी हिंदू युवक की इस तरह हत्या हुई हो। इससे पहले भी वहां हिंदू समुदाय के लोगों पर हमले , धमकियों और हिंसा की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बीते कुछ महीनों में हिंदुओं पर हमलों की संख्या में इजाफा देखा गया है , जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है। कई मामलों में कट्टरपंथी तत्वों पर हमलों के आरोप लगे हैं।

इन घटनाओं को लेकर भारत में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं लगातार तेज हो रही हैं। विधायक टी राजा सिंह के बयान के बाद यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ सकती है।

फिलहाल बांग्लादेश सरकार और वहां की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं , भारत में इस मामले को लेकर केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा और बढ़ती हिंसा को लेकर आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है। – Report by : वंशिका माहेश्वरी  

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *