Facebook Twitter Instagram youtube youtube

1971 युद्ध के वीर शहीद निर्मलजीत सिंह के परिवार से मिले सनी देओल

 1971 युद्ध के वीर शहीद निर्मलजीत सिंह के परिवार से मिले सनी देओल
Spread the love

साल 1971 के भारत-पाक युद्ध की वीरता और बलिदान को बड़े पर्दे पर दिखाने वाली फिल्म ‘ बॉर्डर 2 ’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म में सनी देओल , दिलजीत दोसांझ , अहान शेट्टी और वरुण धवन जैसे बड़े सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। यह फिल्म 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘ बॉर्डर ’ का सीक्वल है और दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है।

‘ बॉर्डर 2 ’ में भारतीय जल , थल और वायुसेना के अदम्य साहस और शौर्य को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया है। फिल्म में 1971 के युद्ध के महान योद्धा परमवीर चक्र से सम्मानित फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों की कहानी भी दिखाई गई है। इस किरदार को अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने निभाया है , जिनकी एक्टिंग को दर्शकों और समीक्षकों से खूब सराहना मिल रही है।

इसी बीच अभिनेता सनी देओल हाल ही में शहीद निर्मलजीत सिंह सेखों के परिवार से मिले। रविवार को सनी देओल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस मुलाकात की एक तस्वीर साझा की , जिसमें वे शहीद के परिवार के सदस्यों के साथ नजर आ रहे हैं। पोस्ट के साथ उन्होंने भावुक कैप्शन भी लिखा।

सनी देओल ने लिखा , “ हमारे हीरो परमवीर चक्र फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों के परिवार से मिलना मेरे लिए बेहद खुशी की बात थी। फिल्म ‘ बॉर्डर 2 ’ में इनका रोल दिलजीत दोसांझ निभा रहे हैं। उनकी बेमिसाल बहादुरी की सच्ची कहानी आप फिल्म में देखेंगे। उनके परिवार से मिलना बहुत अच्छा और यादगार अनुभव रहा। ”

गौरतलब है कि फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों ने 1971 के युद्ध के दौरान श्रीनगर एयरफील्ड पर पाकिस्तानी वायुसेना के हमलों का अकेले मुकाबला किया था। उन्होंने अपनी अद्भुत वीरता का परिचय देते हुए पाकिस्तान के छह फाइटर जेट को खदेड़ दिया और देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। महज 26 वर्ष की उम्र में उन्होंने मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनके इस सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।

फिल्म में दिलजीत दोसांझ ने शहीद निर्मलजीत सिंह सेखों के किरदार को संवेदनशीलता और सम्मान के साथ निभाया है , जिसे दर्शकों ने दिल से अपनाया है। सनी देओल ने आगे लिखा कि “ फिल्म ‘ बॉर्डर 2 ’ उन सभी सैनिकों और उनके परिवारों को सलाम है , जो चुपचाप हिम्मत के साथ अपनी विरासत को आगे बढ़ाते हैं। ”

बॉक्स ऑफिस पर भी ‘ बॉर्डर 2 ’ का प्रदर्शन मजबूत बना हुआ है। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 30 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी , जबकि दूसरे दिन शनिवार को 36.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया। देशभक्ति , भावनाओं और दमदार अभिनय के दम पर फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल हो रही है। – Report by : वंशिका माहेश्वरी 

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *