YRKKH की मोहिना ने छोड़ दी एक्टिंग , अब बन गईं आध्यात्मिक गुरु
बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में कई कलाकार ऐसे रहे हैं जिन्होंने ग्लैमर वर्ल्ड को छोड़कर अपनी जिंदगी की नई राह चुन ली। इसी कड़ी में ‘ ये रिश्ता क्या कहलाता है ‘ की पूर्व टीवी एक्ट्रेस और रियल लाइफ राजकुमारी मोहिना सिंह का नाम भी शामिल है। मोहिना ने 2019 में सतपाल महाराज के बेटे सुयश रावत से शादी के बाद एक्टिंग और ग्लैमर वर्ल्ड से दूरी बना ली थी।
मोहिना ने अपने करियर की शुरुआत छोटे परदे से की थी और ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में कीर्ति के रोल से घर-घर में अपनी पहचान बनाई। इसके अलावा उन्होंने ‘ प्यार तूने क्या किया ‘ , ‘ कुबूल है ‘ , ‘ नया अकबर बीरबल ‘ और ‘ सिलसिला प्यार का ‘ जैसी टीवी सीरीज में अभिनय किया। डांस इंडिया डांस जैसे शो में उन्होंने अपने डांस से दर्शकों का दिल भी जीता। हालांकि शादी के बाद उन्होंने ग्लैमर और टीवी इंडस्ट्री से दूरी बना ली और अपना पूरा ध्यान परिवार पर केंद्रित किया।
हाल ही में मोहिना सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है , जिसमें वह आध्यात्मिक प्रवचन देती नजर आ रही हैं। वीडियो में मोहिना भीड़ को संबोधित करते हुए मानवता , अच्छाई और बुराई पर उपदेश देती दिख रही हैं। उन्होंने बुरी कमाई और गलत तरीके से पैसा कमाने के बारे में भी लोगों को चेताया। मोहिना कहती हैं कि दूसरों को कुचलकर , बुरे कर्म करके सफलता या पैसा हासिल करना उचित नहीं है।
वीडियो में मोहिना ने स्पष्ट किया , “ क्या ये सही होगा कि मैं बुरे कर्म करके , बुरी कमाई करके अपने बच्चों को खिलाऊं ? या किसी के सिर पर चढ़कर सफलता पाऊं ? ” उन्होंने लोगों को यह भी याद दिलाया कि हमारे पूर्वजों ने सरल जीवन जिया , मिट्टी के घरों में जीवन बिताया और गोबर के उपले पर खाना बनाया। मोहिना के अनुसार , इंसान को अपने जीवन और कर्मों के प्रति ईमानदार रहना चाहिए और किसी भी हाल में बेईमानी नहीं करनी चाहिए।
इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर मोहिना सिंह को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कई यूजर्स ने उनके प्रवचन की सराहना की , जबकि कुछ ने कटाक्ष करते हुए सवाल किया कि उन्होंने कब और कैसे आध्यात्म की राह अपनाई। एक यूजर ने लिखा , “ ये आध्यात्मिक गुरु कब से बन गईं ? ” वहीं , कई लोगों ने इसे ग्लैमर इंडस्ट्री पर इशारा बताते हुए माना कि मोहिना अपने अनुभव और सीख के जरिए संदेश दे रही हैं।
मोहिना का यह वीडियो उनके फॉलोअर्स के बीच तेजी से वायरल हो रहा है और इसे देखकर साफ हो गया है कि उन्होंने एक्टिंग की दुनिया छोड़कर आध्यात्मिक और नैतिक मूल्यों पर आधारित जीवन अपनाया है। उनके प्रवचन में न केवल व्यक्तिगत सफलता और बुरे कर्मों के प्रति चेतावनी है , बल्कि यह एक सामाजिक संदेश भी देता है कि जीवन में नैतिकता और सादगी को प्राथमिकता देनी चाहिए।
मोहिना सिंह का यह कदम यह दिखाता है कि ग्लैमर और एक्टिंग छोड़कर भी कलाकार लोगों के जीवन में सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर न केवल चर्चा में है , बल्कि लोगों को सोचने पर मजबूर भी कर रहा है कि जीवन में सफलता और नैतिकता कैसे साथ-साथ चल सकती हैं। – Report by : वंशिका माहेश्वरी



