Facebook Twitter Instagram youtube youtube

सुनील शेट्टी ने 40 करोड़ का तंबाकू विज्ञापन ठुकराया

 सुनील शेट्टी ने 40 करोड़ का तंबाकू विज्ञापन ठुकराया
Spread the love

बॉलीवुड में तंबाकू और शराब जैसे उत्पादों के विज्ञापनों को लेकर लंबे समय से बहस चलती रही है। कई बड़े सितारे इन विज्ञापनों से जुड़े रहे हैं , वहीं सोशल मीडिया पर इन्हें लेकर अक्सर कलाकारों को ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ता है। ऐसे माहौल में अभिनेता सुनील शेट्टी का 40 करोड़ रुपये के तंबाकू विज्ञापन को ठुकराने का फैसला चर्चा में आ गया है। अब इस फैसले को लेकर सुनील शेट्टी ने खुलकर अपनी बात रखी है।

पीपिंग मून पॉडकास्ट से बातचीत में सुनील शेट्टी ने बताया कि मोटी रकम मिलने के बावजूद उन्होंने तंबाकू ब्रांड का विज्ञापन करने से क्यों इनकार किया। अभिनेता ने कहा कि उनकी पहचान और करियर उनकी सेहत की बदौलत है। उन्होंने कहा , “ मैं जो भी हूं , अपनी सेहत की वजह से हूं। यह मेरा शरीर ही था जिसने सुनील शेट्टी को फिल्मों में मौका दिया। अगर मैं इसे अपनी पूजा की जगह नहीं मानूंगा , तो मैं अपने साथ नाइंसाफी करूंगा। ”

सुनील शेट्टी ने आगे कहा कि वह यह भी सोचते हैं कि वह अपने बच्चों के लिए कैसी विरासत छोड़कर जाएंगे। उन्होंने कहा , “ मैं अपने बच्चों के लिए कौन सी विरासत छोड़कर जाऊंगा ? हो सकता है कि सिनेमा के मामले में आज मैं उतना जरूरी नहीं हूं , लेकिन आज भी 17 से 20 साल के युवा मुझे बहुत प्यार और इज्जत देते हैं। ” उनके मुताबिक , युवाओं पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए वह ऐसा कोई काम नहीं करना चाहते , जिससे गलत संदेश जाए।

अभिनेता ने खुलासा किया कि उन्हें 40 करोड़ रुपये का तंबाकू विज्ञापन ऑफर किया गया था। उन्होंने कहा , “ मैंने उन्हें देखा और कहा – क्या आपको सच में लगता है कि मैं इसे करूंगा ? मैं नहीं करूंगा। हो सकता है कि मुझे पैसों की जरूरत थी , लेकिन नहीं। मैं वह चीज नहीं करूंगा जिसमें मुझे विश्वास न हो। ”

सुनील शेट्टी ने यह भी कहा कि अगर वह इस तरह के विज्ञापन करते , तो इसका असर सिर्फ उन पर ही नहीं बल्कि उनके परिवार पर भी पड़ता। उन्होंने कहा , “ अगर मैं इसे करूंगा तो अहान , अथिया और राहुल सब पर दाग लग जाएगा। ” अभिनेता के मुताबिक , इस फैसले के बाद किसी ब्रांड ने उन्हें दोबारा ऐसा ऑफर देने की हिम्मत नहीं की।

वर्कफ्रंट की बात करें तो सुनील शेट्टी जल्द ही मल्टीस्टारर फिल्म ‘ वेलकम टू द जंगल ’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ परेश रावल , अक्षय कुमार , संजय दत्त , अरशद वारसी , लारा दत्ता , रवीना टंडन और दिशा पाटनी जैसे कई बड़े कलाकार दिखाई देंगे। यह फिल्म पहले दिसंबर में रिलीज होने वाली थी , लेकिन अब इसे इस साल रिलीज किया जाएगा।

इसके अलावा , सुनील शेट्टी के ‘ हेरा फेरी 3 ’ में नजर आने की भी चर्चाएं हैं। अपने मूल्यों और जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देने वाला यह फैसला एक बार फिर सुनील शेट्टी को बॉलीवुड के उन कलाकारों में शामिल करता है , जो पैसों से ज्यादा सिद्धांतों को अहमियत देते हैं। – Report by : वंशिका माहेश्वरी

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *