मैदान पर दिखा खास पल , गंभीर ने दोनों खिलाड़ियों को लगाया गले
दूसरे टी-20 मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के हीरो रहे ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव , जिनकी तूफानी पारियों ने मैच को एकतरफा बना दिया। दोनों बल्लेबाजों की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर टीम इंडिया ने महज 15.2 ओवर में ही 209 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया।
भारत की इस यादगार जीत के बाद टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर बेहद खुश नजर आए। ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी देखकर गंभीर इतने गदगद हो गए कि उन्होंने मैदान पर आकर खिलाड़ियों को गले लगा लिया। इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इससे पहले , टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 208 रन बनाए। कीवी टीम की ओर से कप्तान मिचेल सेंटनर ने 27 गेंदों में सर्वाधिक 47 रन की पारी खेली , जबकि रचिन रवींद्र ने 44 रन का अहम योगदान दिया। भारत की गेंदबाजी की बात करें तो कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 2 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा हार्दिक पंड्या , हर्षित राणा , वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को 1-1 सफलता मिली।
209 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम इंडिया ने महज 6 रन के स्कोर पर अपने दो अहम विकेट गंवा दिए। शुरुआती झटकों के बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी शुरू की। उन्होंने 32 गेंदों में 4 छक्कों और 11 चौकों की मदद से 76 रनों की तूफानी पारी खेली।
ईशान किशन के साथ कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी अपना क्लासिक अंदाज दिखाया। सूर्यकुमार ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट्स खेले और 37 गेंदों में नाबाद 82 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई साझेदारी ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
ईशान किशन के आउट होने के बाद गौतम गंभीर खुद मैदान के अंदर पहुंचे और बल्लेबाज को शाबाशी दी। इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। वहीं , जब भारत ने मैच जीत लिया , तो गंभीर एक बार फिर मैदान में दौड़ते हुए आए और कप्तान सूर्यकुमार यादव को गले लगा लिया। गंभीर के चेहरे की मुस्कान साफ बता रही थी कि उन्हें टीम के प्रदर्शन से कितनी आत्मसंतुष्टि मिली है।
मैच के अंतिम चरण में शिवम दुबे ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 18 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाए और टीम इंडिया की जीत पर मुहर लगा दी। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में बल्लेबाजी , गेंदबाजी और फील्डिंग—तीनों विभागों में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है और टीम का आत्मविश्वास भी चरम पर नजर आ रहा है। ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव की इस धमाकेदार बल्लेबाजी को लंबे समय तक याद किया जाएगा। – Report by : वंशिका माहेश्वरी



