पीवी सिंधु ने रचा इतिहास , महिला बैडमिंटन में नया कीर्तिमान
भारतीय स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 500 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उन्होंने डेनमार्क की लाइन होजमार्क कजेरफेल्ड को सीधे सेटों में हराकर न सिर्फ क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की , बल्कि अपने करियर की सिंगल्स में 500वीं जीत भी दर्ज की। इसके साथ ही पीवी सिंधु यह उपलब्धि हासिल करने वाली भारत की पहली महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बन गई हैं।
इंडोनेशिया मास्टर्स में पीवी सिंधु की शुरुआत आसान नहीं रही थी। पहले मुकाबले में उन्हें जीत हासिल करने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा था , लेकिन प्री-क्वार्टर फाइनल में सिंधु पूरी तरह आत्मविश्वास से भरी नजर आईं। उन्होंने 43 मिनट तक चले मुकाबले में कजेरफेल्ड को 21-19 और 21-18 से मात दी। पहले सेट में मुकाबला काफी करीबी रहा , जहां सिंधु ने अनुभव और धैर्य का परिचय देते हुए अहम अंक अपने नाम किए। दूसरे सेट में भी उन्होंने लय बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ पीवी सिंधु ने न केवल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया , बल्कि एक ऐतिहासिक मुकाम भी हासिल किया। सिंगल्स करियर में 500 मैच जीतने वाली वह भारत की पहली महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बन गई हैं। इतना ही नहीं , विश्व स्तर पर वह सिंगल्स में 500 या उससे अधिक मैच जीतने वाली छठी महिला खिलाड़ी हैं , जो उनके लंबे और सफल करियर को दर्शाता है।
अब इंडोनेशिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में पीवी सिंधु का सामना चीन की वर्ल्ड नंबर चार खिलाड़ी चेन यू फेई से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक कुल 13 मुकाबले खेले जा चुके हैं , जिनमें चेन यू फेई ने 7 मैचों में जीत दर्ज की है , जबकि पीवी सिंधु ने 6 मुकाबलों में बाजी मारी है। ऐसे में क्वार्टर फाइनल का यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
पीवी सिंधु के अलावा भारतीय पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने भी इंडोनेशिया मास्टर्स 500 में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। लक्ष्य सेन ने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हांगकांग के जेसन गुनावन को सीधे सेटों में हराया। लगभग आधे घंटे तक चले इस मैच में लक्ष्य ने 21-10 और 21-11 से एकतरफा जीत दर्ज की।
अब लक्ष्य सेन का सामना क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के खिलाड़ी पक्कापोन तीरारत्सकुल से होगा। लक्ष्य सेन की फॉर्म को देखते हुए उनसे भी आगे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
कुल मिलाकर, इंडोनेशिया मास्टर्स टूर्नामेंट भारत के लिए अब तक बेहद सफल रहा है। पीवी सिंधु की ऐतिहासिक 500वीं जीत और लक्ष्य सेन की मजबूत दावेदारी ने भारतीय बैडमिंटन प्रशंसकों को उत्साहित कर दिया है। आने वाले मुकाबलों में दोनों खिलाड़ियों पर देश की निगाहें टिकी रहेंगी। – Report by : वंशिका माहेश्वरी



