उम्र और वक्त पर बोले अमिताभ बच्चन , कही दिल की बात
बॉलीवुड के महान अभिनेता अमिताभ बच्चन , 83 साल की उम्र में भी पूरी ऊर्जा के साथ फिल्मों , टीवी शो , विज्ञापनों और सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। वह आए दिन फैंस को अपने काम और निजी जिंदगी की झलक सोशल मीडिया पर दिखाते रहते हैं। हाल ही में उनके ब्लॉग ने खूब सुर्खियां बटोरीं , जिसमें उन्होंने अपने जीवन और अनुभवों को लेकर कुछ महत्वपूर्ण बातें साझा कीं।
अपने ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने खुलकर बताया कि उन्हें उम्र के इस पड़ाव पर कुछ चीजें समय पर न सीख पाने का पछतावा है। उन्होंने लिखा कि हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता है , लेकिन जो मूलभूत चीजें सालों पहले सीखनी चाहिए थीं , उन्हें तब नहीं सीख पाए। बिग बी ने कहा , “ हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता है, लेकिन अफसोस इस बात का है कि जो चीजें सीखनी थीं , वह सालों पहले सीख ली जानी चाहिए थीं। ” उन्होंने आगे बताया कि उम्र बढ़ने के साथ सीखने की इच्छा , ऊर्जा और समय कम हो जाता है , जबकि नई तकनीक और आविष्कार तेजी से बदलते रहते हैं।
अमिताभ बच्चन ने यह भी कहा कि अगर काम से जुड़ी मूल बातें पहले सही ढंग से समझ ली जाएं , तो बाद में किसी विशेषज्ञ या टैलेंटेड टीम को सौंपकर आसानी से काम पूरा किया जा सकता है। उन्होंने लिखा , “ अगर आप किसी दिए गए काम से अनजान हैं या उसे पूरा करने में सक्षम नहीं हैं , तो कोई बात नहीं। आप इसे स्वीकार करें और फिर अपने पसंद के विशेषज्ञों को सौंप दें , काम पूरा हो जाएगा। ”
उन्होंने अपने पुराने अनुभव भी साझा किए कि उनके समय में अगर कोई काम नहीं आता था , तो पछतावा होता था और कई बार काम पूरा नहीं हो पाता था। लेकिन अब आउटसोर्सिंग और विशेषज्ञों की मदद से काम आसानी से पूरा किया जा सकता है। उन्होंने लिखा , “ काम स्वीकार किया , विशेषज्ञ को सौंपा… और हो गया। सही शब्दों का इस्तेमाल और सही तरीके से काम सौंपने से राहत मिलती है । ”
इस ब्लॉग के माध्यम से अमिताभ बच्चन ने समय , उम्र और सीखने की प्रक्रिया पर गहरी सीख दी है। उनके विचार बताते हैं कि जीवन में हमेशा कुछ नया सीखने की गुंजाइश रहती है और शुरुआती दिनों में मूलभूत चीजें सीख लेना कितना महत्वपूर्ण है। 83 साल की उम्र में भी अमिताभ बच्चन का काम , सीखने का जज्बा और अनुभव साझा करने का उत्साह फैंस के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
फैंस और दर्शक उनके इस ब्लॉग को बेहद प्रेरणादायक मान रहे हैं। उनके विचार हमें याद दिलाते हैं कि उम्र चाहे जैसी भी हो , सीखना , अनुभव साझा करना और काम को सही तरीके से करना कभी देर नहीं होती। अमिताभ बच्चन का यह ब्लॉग साबित करता है कि ज्ञान , अनुभव और समझदारी किसी भी उम्र में महत्वपूर्ण हैं और इन्हें अपनाकर हम हर चुनौती का सामना कर सकते हैं। – Report by : वंशिका माहेश्वरी



