वेब सीरीज में दिखेगा भूमि पेडनेकर का बेखौफ अंदाज , ‘ दलदल ‘ का दमदार टीजर हुआ रिलीज
क्राइम थ्रिलर पसंद करने वाले दर्शकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज ‘ दलदल ’ का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी होने के बाद अब निर्माताओं ने इसका दमदार टीजर भी रिलीज कर दिया है। टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है , क्योंकि इसकी झलक ही दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देने के लिए काफी है।
टीजर में भूमि पेडनेकर एक सख्त और जांबाज़ पुलिस अधिकारी डीसीपी रीता फरेरा के किरदार में नजर आ रही हैं। वह एक बेहद क्रूर और बेरहम हत्यारे का पीछा करते हुए एक खतरनाक खेल में फंसी दिखाई देती हैं। मुंबई की अंधेरी गलियों और अपराध की दुनिया की सच्चाई को दिखाता यह टीजर सस्पेंस , थ्रिल और इमोशन से भरपूर नजर आता है।
मुंबई क्राइम ब्रांच की कहानी
वेब सीरीज ‘ दलदल ’ की कहानी मुंबई क्राइम ब्रांच की नवनियुक्त डीसीपी रीता फरेरा के इर्द-गिर्द घूमती है। रीता फरेरा न सिर्फ एक शातिर हत्यारे से जूझती हैं , बल्कि इस दौरान उन्हें अपनी जान बचाने के लिए भी लगातार संघर्ष करना पड़ता है। अपराध की दलदल में फंसती यह कहानी दर्शकों को मानसिक और भावनात्मक रूप से झकझोरने का वादा करती है।
दमदार स्टारकास्ट और मजबूत कहानी
भूमि पेडनेकर के अलावा इस सीरीज में समारा तिजोरी और आदित्य रावल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘दलदल’ मशहूर बेस्टसेलर किताब ‘ भिंडी बाजार ’ पर आधारित है , जिसे सुरेश त्रिवेनी ने लिखा है। सीरीज को विक्रम मल्होत्रा और सुरेश त्रिवेनी ने प्रोड्यूस किया है , जबकि इसका निर्देशन अमृत राज गुप्ता ने किया है।
कब और कहां देखें ‘ दलदल ’
क्राइम और थ्रिल से भरपूर यह वेब सीरीज 30 जनवरी को रिलीज होगी। ‘दलदल’ का प्रीमियर भारत समेत दुनिया के 240 से ज्यादा देशों में प्राइम वीडियो पर किया जाएगा।
टीजर से साफ है कि ‘दलदल’ दर्शकों को एक गहरे, सस्पेंस से भरे और रोमांचक सफर पर ले जाने वाली है। भूमि पेडनेकर का यह अब तक का सबसे इंटेंस और अलग अवतार माना जा रहा है, जिसे देखने के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। – Report by : वंशिका माहेश्वरी



