Facebook Twitter Instagram youtube youtube

चार रन दूर विराट कोहली का रिकॉर्ड , इतिहास रच सकते हैं वैभव सूर्यवंशी

 चार रन दूर विराट कोहली का रिकॉर्ड , इतिहास रच सकते हैं वैभव सूर्यवंशी
Spread the love

अंडर-19 विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें 14 वर्षीय स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी थीं , लेकिन अमेरिका के खिलाफ मैच में वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। वैभव केवल दो रन बनाकर आउट हो गए , जिसके साथ ही विराट कोहली का अंडर-19 वनडे क्रिकेट में रनों का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका फिलहाल टल गया। अब यह ऐतिहासिक मौका उन्हें 17 जनवरी को बांग्लादेश के खिलाफ ग्रुप-बी मुकाबले में मिलेगा।

दरअसल , विराट कोहली ने भारत के लिए अंडर-19 वनडे क्रिकेट में 28 मैचों में 978 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 46.57 का रहा , जिसमें एक शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। भारत के लिए अंडर-19 वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में कोहली सातवें स्थान पर हैं। अमेरिका के खिलाफ मुकाबले से पहले वैभव सूर्यवंशी के नाम 19 मैचों में 975 रन दर्ज थे और कोहली के रिकॉर्ड को पार करने के लिए उन्हें सिर्फ छह रन चाहिए थे।

हालांकि , अमेरिका के खिलाफ मैच में जल्दी आउट होने के कारण वैभव को अब अगले मुकाबले तक इंतजार करना होगा। उनके नाम फिलहाल 19 अंडर-19 वनडे मैचों में 51.31 की औसत से 975 रन हैं , जिसमें तीन शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। वह इस सूची में कोहली के ठीक नीचे आठवें स्थान पर मौजूद हैं। अगर वैभव अगले मैच में सिर्फ चार रन बना लेते हैं , तो वह कोहली के 978 रनों के आंकड़े को पीछे छोड़ते हुए सातवें स्थान पर पहुंच जाएंगे।

इस सूची में भारत के लिए अंडर-19 वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विजय जोल के नाम है। विजय जोल ने 36 मैचों में 42.54 की औसत से 1404 रन बनाए हैं , जिसमें चार शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं। वैभव के पास आने वाले समय में सरफराज खान (1080 रन) जैसे बल्लेबाजों को भी पीछे छोड़ने का मौका रहेगा।

अमेरिका के खिलाफ मुकाबला बारिश से प्रभावित रहा। बुलवायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मैच में अमेरिकी टीम 107 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में भारत को डीएलएस नियम के तहत 96 रनों का लक्ष्य मिला , जिसे भारतीय टीम ने 17.2 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया और मैच छह विकेट से जीत लिया।

मैच के दौरान वैभव सूर्यवंशी तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बोल्ड हो गए। अमेरिकी भारतीय मूल के तेज गेंदबाज रित्विक अप्पिडी की बाहर की ओर एंगल होती गेंद ने उनके स्टंप उड़ा दिए। आउट होने के बाद वैभव निराश नजर आए , जबकि अप्पिडी ने जोरदार जश्न मनाया।

हालांकि इस मैच में असफल रहने के बावजूद वैभव का करियर ग्राफ बेहद प्रभावशाली है। आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए 35 गेंदों में शतक , पुरुष लिस्ट-ए क्रिकेट में 59 गेंदों पर 150 रन की सबसे तेज पारी और भारत के लिए युवाओं में 171 रन की बड़ी पारी उनके टैलेंट को दर्शाती है। अब सबकी नजरें बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले पर टिकी होंगी , जहां वैभव इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। – Report by : वंशिका माहेश्वरी 

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *