Facebook Twitter Instagram youtube youtube

साई पल्लवी का बॉलीवुड डेब्यू , आमिर खान के बेटे संग ‘ एक दिन ’ से एंट्री

 साई पल्लवी का बॉलीवुड डेब्यू , आमिर खान के बेटे संग ‘ एक दिन ’ से एंट्री
Spread the love

बॉलीवुड में एक नई रोमांटिक जोड़ी दर्शकों को देखने को मिलने वाली है। साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री साई पल्लवी अब हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने जा रही हैं। वह आमिर खान के बेटे जुनैद खान के साथ अपनी पहली बॉलीवुड फिल्म ‘ एक दिन ’ में नजर आएंगी। इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा आमिर खान प्रोडक्शंस ने कर दी है और इसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट और पहला पोस्टर भी सामने आ गया है।

आमिर खान इन दिनों एक साथ कई फिल्मों को प्रोड्यूस कर रहे हैं। उनकी हालिया प्रोडक्शन फिल्म ‘ हैप्पी पटेल : खतरनाक जासूस ’ 16 जनवरी , 2026 को रिलीज होने जा रही है। इसी कड़ी में अब उन्होंने अपने नए प्रोडक्शन वेंचर ‘ एक दिन ’ का ऐलान किया है। यह एक रोमांटिक फिल्म होगी , जो 1 मई , 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।

15 जनवरी , 2025 को आमिर खान प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया पर फिल्म का टाइटल और पोस्टर शेयर किया। पोस्टर के साथ मेकर्स ने लिखा , “ जिंदगी की भागदौड़ में प्यार तुम्हें ढूंढ ही लेगा… एक दिन। ” इसके साथ ही यह भी बताया गया कि फिल्म का टीजर 16 जनवरी , 2026 को रिलीज किया जाएगा।

फिल्म के पोस्टर में साई पल्लवी और जुनैद खान एक प्यार भरे कपल के रूप में नजर आ रहे हैं। दोनों सर्दियों के कपड़ों में बर्फीले माहौल के बीच आइसक्रीम का आनंद लेते दिखते हैं। पोस्टर से ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों कलाकार फिल्म में कॉलेज जाने वाले युवा किरदार निभा रहे हैं। उनका फ्रेश और नेचुरल लुक दर्शकों को खासा आकर्षित कर रहा है।

‘ एक दिन ’ का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है , जबकि फिल्म की कहानी स्नेहा देसाई और स्पंदन मिश्रा ने लिखी है। खास बात यह है कि यह फिल्म 18 साल बाद आमिर खान और मंसूर खान की जोड़ी को प्रोड्यूसर के रूप में फिर से साथ ला रही है। इससे पहले दोनों ने 2008 में सुपरहिट फिल्म ‘ जाने तू…या जाने ना ’ को प्रोड्यूस किया था , जिसने इमरान खान और जेनेलिया डिसूजा को बॉलीवुड में बड़ी पहचान दिलाई थी।

जुनैद खान की बात करें तो उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म ‘ महाराज ’ से की थी। इस फिल्म में उनके अभिनय को काफी सराहा गया। इसके बाद वह अद्वैत चंदन की रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘ लवयापा ’ में खुशी कपूर के साथ नजर आए।

वहीं साई पल्लवी के लिए ‘ एक दिन ’ बेहद खास होने वाली है, क्योंकि यह उनकी पहली हिंदी फिल्म होगी। साउथ सिनेमा में अपनी दमदार एक्टिंग और सादगी के लिए मशहूर साई पल्लवी पहले से ही नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म ‘ रामायण ’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें वह सीता का किरदार निभाएंगी। इस फिल्म में उनके साथ रणबीर कपूर और यश नजर आएंगे।

कुल मिलाकर ‘ एक दिन ’ एक फ्रेश जोड़ी, रोमांटिक कहानी और आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही फिल्म होने के कारण दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरने की पूरी संभावना रखती है। – Report by : वंशिका माहेश्वरी 

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *