Facebook Twitter Instagram youtube youtube

लिजेल ली और वोलवार्ड्ट की पारी से दिल्ली कैपिटल्स ने यूपी वॉरियर्स को 7 विकेट से हराया

 लिजेल ली और वोलवार्ड्ट की पारी से दिल्ली कैपिटल्स ने यूपी वॉरियर्स को 7 विकेट से हराया
Spread the love

नवी मुंबई : महिला प्रीमियर लीग (WPL) में बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरकार जीत का खाता खोल लिया। डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने यूपी वॉरियर्स को सात विकेट से शिकस्त दी। लिजेल ली की आक्रामक अर्धशतकीय पारी और लॉरा वोलवार्ड्ट की संयमित बल्लेबाजी ने दिल्ली को टूर्नामेंट की पहली जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

इससे पहले यूपी वॉरियर्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि टीम की शुरुआत एक बार फिर निराशाजनक रही। ओपनर किरण नवगिरे खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गईं , जिससे यूपी दबाव में आ गई। तीसरे नंबर पर उतरी फीबी लिचफील्ड ने 20 गेंदों में 27 रन बनाए , लेकिन पावरप्ले के तुरंत बाद स्नेह राणा की गेंद पर स्टंप हो गईं।

इसके बाद कप्तान मेग लैनिंग ने पारी को संभाला। उन्होंने हरलीन देओल के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 85 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। लैनिंग ने 38 गेंदों में 54 रनों की शानदार पारी खेली , जिसमें कई आकर्षक शॉट शामिल रहे। दूसरी ओर हरलीन देओल ने 47 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर की ओर बढ़ाया।

हालांकि डेथ ओवर्स में यूपी की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। आखिरी पांच ओवरों में टीम सिर्फ 24 रन ही जोड़ सकी और छह विकेट गंवा बैठी। 17वें ओवर से पहले हरलीन देओल को रिटायर आउट करने का फैसला भी टीम के काम नहीं आया। उनकी जगह आई क्लो ट्रायन केवल तीन गेंदों का सामना कर सकीं। अंततः यूपी वॉरियर्स 20 ओवर में 8 विकेट पर 154 रन ही बना सकी। दिल्ली की ओर से मारिजन कप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 24 रन देकर दो विकेट चटकाए।

155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत संतुलित रही। शेफाली वर्मा ने 32 गेंदों में 36 रन बनाकर तेज शुरुआत दी , लेकिन रिवर्स स्वीप खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठीं। इसके बाद लिजेल ली ने मोर्चा संभाल लिया और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने 44 गेंदों में 67 रन बनाए , जिसमें आठ चौके और तीन छक्के शामिल थे। यह उनका लगातार दूसरा प्रभावशाली प्रदर्शन रहा।

कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने भी 12 गेंदों में 21 रनों की उपयोगी पारी खेली , लेकिन वह अंत तक क्रीज पर नहीं टिक सकीं। अंत में लॉरा वोलवार्ड्ट ने जिम्मेदारी संभाली और नाबाद 25 रन बनाते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचाया। मुकाबला आखिरी गेंद तक रोमांचक बना रहा , लेकिन अंतिम गेंद पर वोलवार्ड्ट के चौके ने दिल्ली को सात विकेट से जीत दिला दी।

इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने मौजूदा टूर्नामेंट में पहली सफलता हासिल की। इससे पहले उन्हें अपने शुरुआती दो मुकाबलों में मुंबई और गुजरात के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। वहीं यूपी वॉरियर्स के लिए यह लगातार तीसरी हार रही और टीम अब भी जीत की तलाश में है। – Report by : वंशिका माहेश्वरी 

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *