ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा झटका , दिग्गज क्रिकेटर ने क्रिकेट को कहा अलविदा
ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम को वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम की दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज और कप्तान एलिसा हीली ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। हीली ने साफ किया है कि वह मार्च 2026 के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह देंगी। भारत के खिलाफ होने वाली आगामी सीरीज उनके करियर की आखिरी इंटरनेशनल सीरीज होगी।
35 वर्षीय एलिसा हीली ने यह जानकारी 12 जनवरी को विलो टॉक पॉडकास्ट के दौरान साझा की। अपने फैसले पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनके अंदर अब वह प्रतिस्पर्धात्मक भावना नहीं बची है , जिसने उन्हें इतने सालों तक क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित किया। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने का जुनून आज भी उनके अंदर है , लेकिन उन्हें लगता है कि अब रिटायर होने का सही समय आ गया है।
हीली ने अपने बयान में कहा , “ भारत के खिलाफ आने वाली सीरीज ऑस्ट्रेलिया के लिए मेरी आखिरी सीरीज होगी। मैंने काफी सोच-विचार के बाद यह फैसला लिया है। मुझे लगा कि अब खुद के साथ और टीम के साथ ईमानदार रहने का समय है। ”
एलिसा हीली को साल 2023 में मेग लैनिंग के संन्यास के बाद ऑस्ट्रेलिया की फुल टाइम कप्तान बनाया गया था। हालांकि वह भारत के खिलाफ होने वाली T20I सीरीज में हिस्सा नहीं लेंगी , ताकि ऑस्ट्रेलियाई टीम साल के अंत में होने वाले वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों पर ध्यान दे सके। वह वनडे सीरीज के मैच खेलेंगी और इसके बाद 6 से 9 मार्च के बीच पर्थ में होने वाले डे-नाइट टेस्ट मैच के साथ अपने शानदार करियर का अंत करेंगी। यह उनके करियर का 11वां और आखिरी टेस्ट मैच होगा।
एलिसा हीली ने फरवरी 2010 में महज 19 साल की उम्र में ऑस्ट्रेलिया के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था। अपने करियर में उन्होंने 123 वनडे मुकाबलों में 3563 से ज्यादा रन बनाए। वहीं , 162 T20 इंटरनेशनल मैचों में उन्होंने 25.45 की औसत से 3054 रन बनाए हैं। T20I में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 148 रन रहा है , जो फुल मेंबर टीमों में किसी भी महिला खिलाड़ी का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।
हीली ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरी सबसे ज्यादा T20I मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने अपने करियर में टीम को कई ऐतिहासिक सफलताएं दिलाईं। एलिसा हीली 2010 , 2012 , 2014 , 2018 , 2020 और 2023 में महिला T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहीं। इसके अलावा उन्होंने 2013 और 2022 में ODI वर्ल्ड कप भी जीता। उनकी शानदार उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें 2018 और 2019 में ICC की T20I क्रिकेटर ऑफ द ईयर का खिताब भी दिया गया था।
एलिसा हीली के संन्यास के बाद आगामी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की टीम एक नए कप्तान की अगुआई में खेलती नजर आएगी। उनका जाना न सिर्फ टीम के लिए बल्कि पूरी महिला क्रिकेट दुनिया के लिए एक बड़ा बदलाव साबित होगा। – Report by : वंशिका माहेश्वरी



