Facebook Twitter Instagram youtube youtube

जन सुराज को बड़ा झटका , भोजपुरी सिंगर रितेश पांडेय ने पार्टी से दिया इस्तीफा

 जन सुराज को बड़ा झटका , भोजपुरी सिंगर रितेश पांडेय ने पार्टी से दिया इस्तीफा
Spread the love

पटना : बिहार की राजनीति में प्रशांत किशोर की अगुवाई वाली जन सुराज पार्टी को बड़ा झटका लगा है। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी से जुड़े मशहूर भोजपुरी गायक रितेश पांडेय ने अब जन सुराज की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। रितेश पांडेय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ एक्स ’ पर एक पोस्ट साझा कर अपने फैसले की जानकारी सार्वजनिक की।

रितेश पांडेय ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने एक जिम्मेदार भारतीय नागरिक के रूप में लोकतंत्र के महापर्व में भाग लेने का निर्णय लिया था , लेकिन चुनावी नतीजे उनके पक्ष में नहीं रहे। हालांकि , उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें अपने फैसले पर किसी तरह का कोई अफसोस नहीं है।

उन्होंने लिखा , “ एक जिम्मेदार भारतीय होने के नाते और अपने अधिकार से मैंने जन सुराज पार्टी के साथ जुड़कर लोकतंत्र के महापर्व में भाग लिया। परिणाम अनुकूल नहीं रहे , लेकिन मुझे इसका तनिक भी अफसोस नहीं है , क्योंकि मैंने अपना काम पूरी ईमानदारी से किया। ”

अपने इस्तीफे के पीछे की वजह बताते हुए रितेश पांडेय ने कहा कि अब वह उसी माध्यम से जनता की सेवा करना चाहते हैं , जिसके जरिए लोगों ने उन्हें पहचान और सम्मान दिया है। उन्होंने लिखा कि किसी राजनीतिक दल का सक्रिय सदस्य रहते हुए अपने मूल कार्य और जनता से जुड़े रहने में कठिनाई महसूस होती है।

रितेश पांडेय ने आगे कहा , “ अब उसी काम के माध्यम से आप सभी की सेवा जारी रखनी है , जिससे आप लोगों ने मुझ जैसे एक मामूली किसान परिवार के लड़के को इतना प्यार , दुलार और सम्मान दिया। किसी राजनीतिक दल का सक्रिय सदस्य रहकर यह करना बहुत मुश्किल है , इसलिए आज मैं जन सुराज पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं। कम शब्दों में अपनी बात कहने का प्रयास किया है , उम्मीद है आप लोग समझेंगे। ”

गौरतलब है कि रितेश पांडेय ने बिहार के रोहतास जिले की करगहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। चुनाव से पहले उन्होंने चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज का दामन थामा था। चुनाव प्रचार के दौरान रितेश पांडेय कई बार प्रशांत किशोर के साथ बिहार के अलग-अलग इलाकों में देखे गए थे।

हालांकि , जब बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आए तो रितेश पांडेय को करगहर सीट से हार का सामना करना पड़ा। उन्हें कुल 16,298 वोट ही मिले। इस सीट पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रत्याशी वशिष्ठ सिंह ने 92,485 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। वहीं बहुजन समाज पार्टी (BSP) के उम्मीदवार उदय प्रताप सिंह को 56,809 वोट मिले और वह दूसरे स्थान पर रहे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रितेश पांडेय का राजनीति से दूरी बनाना जन सुराज पार्टी के लिए एक प्रतीकात्मक झटका है , क्योंकि वह पार्टी के चर्चित चेहरों में शामिल थे। वहीं रितेश पांडेय के समर्थकों का कहना है कि उनका यह फैसला ईमानदारी और आत्ममंथन को दर्शाता है।

फिलहाल , रितेश पांडेय के इस कदम के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि वह आगे पूरी तरह से अपने कला और सामाजिक कार्यों पर फोकस करते हैं या भविष्य में किसी अन्य राजनीतिक भूमिका में नजर आते हैं। – Report by : वंशिका माहेश्वरी

 

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *