Facebook Twitter Instagram youtube youtube

आखिरी ओवर में ड्रामा , गुजरात जायंट्स ने दिल्ली को हराया

 आखिरी ओवर में ड्रामा , गुजरात जायंट्स ने दिल्ली को हराया
Spread the love

महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में गुजरात जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया मुकाबला रोमांच की चरम सीमा पर पहुंच गया , जहां गुजरात जायंट्स ने आखिरी ओवर में शानदार गेंदबाज़ी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को चार रनों से मात दे दी। इस हार के साथ दिल्ली कैपिटल्स को मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।

मैच में गुजरात जायंट्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत हालांकि कुछ खास नहीं रही और ओपनर बेथ मूनी 19 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गईं। इसके बाद सोफी डिवाइन और एश्ले गार्डनर ने पारी को संभालते हुए दिल्ली की गेंदबाज़ी पर जोरदार हमला बोला।

सोफी डिवाइन ने आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए 42 गेंदों पर 95 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 7 चौके और 8 लंबे छक्के शामिल रहे। उनके साथ एश्ले गार्डनर ने भी शानदार सहयोग निभाया और 26 गेंदों में 49 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल थे। इन दोनों बल्लेबाज़ों की बदौलत गुजरात जायंट्स 200 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रही।

दिल्ली कैपिटल्स की ओर से गेंदबाज़ी में नंदिनी शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने मैच के अंतिम ओवर में हैट्रिक सहित कुल पांच विकेट झटके और गुजरात को और बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका। नंदिनी की इस शानदार गेंदबाज़ी के बावजूद दिल्ली की टीम को बड़े लक्ष्य का पीछा करना पड़ा।

209 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम की शुरुआत संतुलित रही। टीम के लिए लिजेल ली और लौरा वोल्वार्ट ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए मैच को आखिरी ओवर तक पहुंचा दिया। लिजेल ली ने 54 गेंदों पर 86 रन बनाए , जिसमें 12 चौके और तीन छक्के शामिल थे। वहीं लौरा वोल्वार्ट ने 77 रनों की अहम पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाज़ों के अलावा दिल्ली की कोई भी खिलाड़ी बड़ी भूमिका नहीं निभा सकी।

मैच का सबसे रोमांचक क्षण आखिरी ओवर में देखने को मिला , जब दिल्ली को जीत के लिए सिर्फ 7 रनों की जरूरत थी। गुजरात जायंट्स की ओर से आखिरी ओवर की गेंदबाज़ी सोफी डिवाइन को सौंपी गई। पहली गेंद पर लौरा वोल्वार्ट ने एक रन लिया , लेकिन दूसरी गेंद पर दिल्ली की कप्तान जेमिमा रोड्रिगेज आउट हो गईं। तीसरी गेंद पर मैरीजाने कैप रन नहीं बना सकीं , जबकि चौथी गेंद पर उन्होंने सिर्फ एक रन लिया।

पांचवीं गेंद पर सोफी डिवाइन ने शानदार बल्लेबाज़ी कर रही लौरा वोल्वार्ट को आउट कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। आखिरी गेंद पर भी दिल्ली कोई रन नहीं बना सकी और पूरे ओवर में सिर्फ दो रन बने। इस तरह दिल्ली कैपिटल्स 205 रन ही बना पाई और उसे चार रनों से हार झेलनी पड़ी।

इस रोमांचक जीत के साथ गुजरात जायंट्स ने WPL 2026 में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की , जबकि दिल्ली कैपिटल्स को आत्ममंथन करने की जरूरत होगी। – Report by : वंशिका माहेश्वरी 

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *