ओडिशा में बड़ा विमान हादसा टला , क्रैश के बावजूद सभी यात्री और पायलट सुरक्षित , जानें कैसे बची जानें
ओडिशा के राउरकेला से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आई है , जहां भुवनेश्वर से राउरकेला आ रहा एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान इंडिया वन एयर की 9-सीटर फ्लाइट थी , जिसमें कुल 7 लोग सवार थे। इनमें 6 यात्री और 1 पायलट शामिल थे। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया , हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में सभी यात्रियों और पायलट की जान बच गई। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार , यह विमान राउरकेला से लगभग 10 से 15 किलोमीटर दूर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। जैसे ही घटना की सूचना मिली , प्रशासन और रेस्क्यू एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। स्थानीय पुलिस , फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल भेजा गया , जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि विमान के क्रैश होने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक , तकनीकी खराबी या मौसम से जुड़ी किसी समस्या की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता , लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। नागरिक उड्डयन से जुड़े अधिकारी और संबंधित विभाग इस पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही भुवनेश्वर से पर्यटन विभाग और विमानन से जुड़े अधिकारियों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचने की तैयारी में है। विमान के ब्लैक बॉक्स , तकनीकी रिकॉर्ड और पायलट की रिपोर्ट के आधार पर यह पता लगाया जाएगा कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। इसके साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि उड़ान के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि दुर्घटनास्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न फैले। साथ ही यात्रियों के परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है। प्रशासन का कहना है कि सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर उन्हें बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाएगा।
इस विमान हादसे में किसी की जान न जाना अपने आप में किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान के क्रैश होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में मदद की। उनकी तत्परता से भी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में सहायता मिली।
फिलहाल , सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं , जिससे यह साफ हो सके कि आखिर यह विमान हादसा कैसे हुआ। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है। जैसे – जैसे जांच आगे बढ़ेगी , इस मामले में और भी अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है। – Report by : वंशिका माहेश्वरी



