न प्रमोशन – न ही कोई शोर – शराबा , 50 लाख में बनी इस फिल्म को हुआ 241 गुना मुनाफा
साल 2025 में जहां बड़े बजट और स्टार पावर से लैस फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कब्जा जमाया , वहीं एक छोटी सी गुजराती फिल्म ने चुपचाप आकर इतिहास रच दिया। हम बात कर रहे हैं ‘ लालो : कृष्ण सदा सहायते ’ की , जो बेहद कम बजट में बनी होने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर सुनामी बनकर उभरी। बिना किसी बड़े स्टार और भारी प्रमोशन के इस फिल्म ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता , बल्कि कमाई के मामले में भी सभी को चौंका दिया।
‘ लालो : कृष्ण सदा सहायते ’ एक गुजराती डिवोशनल ड्रामा फिल्म है , जिसे मात्र 50 लाख रुपये के बजट में तैयार किया गया था। फिल्म की रिलीज से पहले किसी को भी यह उम्मीद नहीं थी कि यह कुछ हफ्तों से ज्यादा सिनेमाघरों में टिक पाएगी। यहां तक कि इसका ओपनिंग कलेक्शन भी बेहद साधारण रहा। लेकिन धीरे-धीरे फिल्म ने जो रफ्तार पकड़ी , उसने ट्रेड एक्सपर्ट्स की सारी गणनाएं गलत साबित कर दीं।
इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक , फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में करीब 33 लाख रुपये की कमाई की। दूसरे हफ्ते में यह आंकड़ा 27 लाख रुपये रहा , जिससे फिल्म को मामूली सा फायदा हुआ। उस वक्त तक माना जा रहा था कि ‘ लालो ’ जल्द ही सिनेमाघरों से उतर जाएगी। लेकिन तीसरे हफ्ते में फिल्म ने जबरदस्त वापसी करते हुए 62 लाख रुपये कमा लिए और यहीं से इसका असली खेल शुरू हुआ।
फिल्म का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट चौथे शनिवार को आया , जब इसने एक ही दिन में 1 करोड़ रुपये की कमाई कर ट्रेड को चौंका दिया। तब तक फिल्म अपनी प्रोडक्शन लागत का करीब 200 प्रतिशत पहले ही वसूल कर चुकी थी , जो किसी भी कम बजट फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। चौथे रविवार को फिल्म ने सिर्फ अपने ओरिजिनल गुजराती वर्जन में 1.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। चौथे हफ्ते के अंत तक ‘ लालो ’ का कुल कलेक्शन 12.08 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका था।
मजबूत वर्ड-ऑफ-माउथ और दर्शकों की बार-बार देखने की रुचि ने फिल्म को लगभग तीन महीने तक सिनेमाघरों में टिकाए रखा। इसका नतीजा यह रहा कि ‘ लालो : कृष्ण सदा सहायते ’ ने दुनिया भर में 120.58 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक कमाई कर ली। इसके साथ ही यह फिल्म अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली गुजराती फिल्म बन गई है और 100 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली पहली गुजराती फिल्म का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुकी है।
फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ क्रिटिक्स से भी जबरदस्त सराहना मिली। IMDb पर इसे 8.6 की शानदार रेटिंग मिली है , जो इसकी लोकप्रियता और गुणवत्ता को दर्शाती है। यह फिल्म रीवा रछ , श्रुहद गोस्वामी , करण जोशी , मिस्टी कदेचा , अंशु जोशी , किन्नल नायक , पारुल राज्यगुरु और जयदीप तिमन्यिआ जैसे कलाकारों के दमदार अभिनय से सजी है।
कुल मिलाकर , ‘ लालो : कृष्ण सदा सहायते ’ ने यह साबित कर दिया कि मजबूत कहानी , भावनात्मक जुड़ाव और दर्शकों का विश्वास किसी भी फिल्म को सुपरहिट बना सकता है , चाहे उसका बजट कितना ही छोटा क्यों न हो। – Report by : वंशिका माहेश्वरी



