शूटर से यौन शोषण का मामला , कोच पर POCSO केस
भारतीय खेल जगत से जुड़ी एक बेहद शर्मनाक और गंभीर खबर सामने आई है , जिसने खेल प्रशंसकों के साथ – साथ पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। नेशनल पिस्टल कोच अंकुश भारद्वाज पर 17 वर्षीय नेशनल लेवल की महिला निशानेबाज के साथ यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कोच के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (NRAI) ने भी इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हरियाणा के फरीदाबाद में अंकुश भारद्वाज के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। जैसे ही यह मामला सार्वजनिक हुआ , NRAI ने तत्काल प्रभाव से भारद्वाज को उनके पद से निलंबित कर दिया।
समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में NRAI के सचिव राजीव भाटिया ने बताया कि आरोपी कोच को नैतिक आधार पर सस्पेंड किया गया है। उन्होंने कहा , “ एनआरएआई ने उन्हें निलंबित कर दिया है और जल्द ही उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। अब उन्हें खुद को निर्दोष साबित करना होगा। जांच पूरी होने तक वह किसी भी तरह की कोचिंग गतिविधियों से नहीं जुड़ पाएंगे। ”
पीड़ित नाबालिग महिला निशानेबाज पिछले साल अगस्त से अंकुश भारद्वाज के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही थी। पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वह इस घटना के बाद मानसिक रूप से बेहद परेशान और सदमे में है। उसने 1 जनवरी को इस पूरे मामले की जानकारी अपनी मां को दी , जिसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया।
गौरतलब है कि अंकुश भारद्वाज का नाम इससे पहले भी विवादों से जुड़ चुका है। साल 2010 में अपने खेल करियर के दौरान उन्हें बीटा – ब्लॉकर के इस्तेमाल के चलते डोपिंग प्रतिबंध का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद एनआरएआई ने 2024 के पेरिस ओलंपिक के लिए 37 सदस्यीय कोचिंग टीम में उनका नाम शामिल करने की सिफारिश की थी। NRAI की सिफारिश के आधार पर ही भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) ने उन्हें नेशनल पिस्टल कोच नियुक्त किया था।
इस मामले ने एक बार फिर खेल जगत में खिलाड़ियों , खासकर नाबालिग महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खेल संगठनों पर यह जिम्मेदारी है कि वे खिलाड़ियों को सुरक्षित माहौल प्रदान करें और ऐसे मामलों में त्वरित व सख्त कार्रवाई करें।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं NRAI ने स्पष्ट किया है कि वह जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेगा और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगा। – Report by : वंशिका माहेश्वरी



