भयानक हादसे के बाद चुनाव प्रचार पर भड़कीं डेज़ी शाह
बॉलीवुड और साउथ सिनेमा की जानी – मानी अभिनेत्री डेज़ी शाह हाल ही में एक भयानक हादसे का शिकार होते – होते बचीं। यह घटना उनकी ही बिल्डिंग में हुई , जिसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा खुलकर जाहिर किया है। डेज़ी शाह ने मंगलवार देर रात अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगातार दो वीडियो पोस्ट किए , जिनमें उन्होंने हादसे की पूरी कहानी बताई और चुनाव प्रचार करने वालों पर गंभीर आरोप लगाए।
डेज़ी शाह द्वारा शेयर किए गए पहले वीडियो में उनकी बिल्डिंग के एक फ्लैट में लगी आग साफ तौर पर दिखाई दे रही है। यह फ्लैट डेज़ी शाह के फ्लैट के ठीक बगल में स्थित बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि आग काफी भयावह थी और नुकसान भी गंभीर हुआ है। इस दौरान डेज़ी खुद बिल्डिंग से नीचे उतरकर वीडियो बनाती नजर आती हैं। उनके चेहरे पर घबराहट और डर साफ झलक रहा था। उन्होंने बताया कि यह हादसा किसी भी बड़े नुकसान में तब्दील हो सकता था।
इसके बाद डेज़ी शाह ने दूसरा वीडियो पोस्ट किया , जिसमें उन्होंने पूरे मामले का विस्तार से खुलासा किया। डेज़ी के अनुसार , हादसे के वक्त उनकी बिल्डिंग के नीचे बीजेपी पार्टी का चुनाव प्रचार चल रहा था। प्रचार करने आए कुछ लोगों ने बिल्डिंग के नीचे पटाखे जलाए। उन्हीं पटाखों में से एक पटाखा उड़कर उनके पास वाले फ्लैट में जा गिरा , जिससे वहां आग लग गई। डेज़ी ने कहा कि उस फ्लैट को भारी नुकसान पहुंचा है और हालात बेहद डरावने थे।
इस घटना को लेकर डेज़ी शाह चुनाव प्रचार करने वालों पर जमकर भड़कती नजर आईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर साफ शब्दों में कहा कि इस तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती थी। डेज़ी ने अपने पोस्ट में लिखा कि कई लोग सवाल करेंगे कि उन्होंने किसी पार्टी का नाम क्यों लिया , लेकिन वह सच्चाई सामने रखने से पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने यह भी कहा , “ मेरे कमेंट सेक्शन में अंधभक्त बहुत आ जाएंगे , लेकिन मेरे साथ यह गेम मत खेलना। ”
डेज़ी शाह का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई यूजर्स और फैंस ने इस पूरे मामले में डेज़ी का समर्थन किया है और चुनाव प्रचार के दौरान इस तरह की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। वहीं कुछ लोगों ने राजनीतिक बयानबाज़ी को लेकर भी प्रतिक्रिया दी है , जिससे मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो डेज़ी शाह हिंदी सिनेमा के साथ – साथ साउथ इंडियन फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। उनकी आखिरी हिंदी फिल्म ‘ मिस्ट्री ऑफ द टैटू’ थी। इसके अलावा वह जल्द ही अपनी आगामी फिल्म ‘ बिहू अटैक ’ में नजर आएंगी , जिसकी शूटिंग फिलहाल चल रही है।
फिलहाल डेज़ी शाह की यह घटना एक बार फिर चुनाव प्रचार के दौरान सुरक्षा और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। एक्ट्रेस का गुस्सा और उनकी चिंता सोशल मीडिया पर लोगों को सोचने पर मजबूर कर रही है। – Report by : वंशिका माहेश्वरी



