आयरिश गर्लफ्रेंड सोफी शाइन से शादी करेंगे शिखर धवन !
नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार ओपनर शिखर धवन एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार , शिखर धवन फरवरी 2026 के तीसरे हफ्ते में अपनी आयरिश गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे। यह शादी दिल्ली – एनसीआर में आयोजित की जाएगी , जिसमें क्रिकेट और बॉलीवुड जगत की कई जानी – मानी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
रिपोर्ट के मुताबिक , शादी की तैयारियां जोरों पर हैं , हालांकि कपल की ओर से अब तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि यह समारोह भव्य जरूर होगा , लेकिन पूरी तरह निजी रखा जाएगा। आयोजन में केवल परिवार के करीबी सदस्य और चुनिंदा दोस्त ही शामिल होंगे। सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
एचटी सिटी से जुड़े एक सूत्र के अनुसार , “ यह दोनों के लिए एक नई शुरुआत है। वे इस रिश्ते को शांति , खुशी और कृतज्ञता के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। ” सूत्र ने यह भी बताया कि शिखर धवन खुद शादी की प्लानिंग में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और चाहते हैं कि यह समारोह उनके जीवन के इस नए अध्याय को सही मायनों में दर्शाए।
सोफी शाइन आयरलैंड की नागरिक हैं और फिलहाल शिखर धवन फाउंडेशन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। यह फाउंडेशन शिखर धवन के स्पोर्ट्स और सोशल वेंचर्स समूह की परोपकारी शाखा है। सोफी को सामाजिक कार्यों में गहरी रुचि है और वे बीते कुछ समय से शिखर धवन के प्रोफेशनल और पर्सनल सफर का अहम हिस्सा बनी हुई हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक , शिखर धवन और सोफी शाइन की मुलाकात कुछ साल पहले दुबई में हुई थी। दोस्ती से शुरू हुआ यह रिश्ता धीरे – धीरे प्यार में बदल गया। दोनों पिछले एक साल से साथ रह रहे हैं और अपने भविष्य को लेकर गंभीर हैं। आईपीएल 2024 के दौरान भी सोफी को पंजाब किंग्स के मैचों में शिखर धवन के साथ देखा गया था।
इस रिश्ते को लेकर चर्चाएं तब तेज हुईं , जब आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान शिखर धवन स्टैंड्स में सोफी शाइन के साथ नजर आए। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें और सार्वजनिक कार्यक्रमों में साथ मौजूदगी ने फैंस की जिज्ञासा और बढ़ा दी। हाल ही में एक सार्वजनिक कॉन्क्लेव में शिखर धवन ने बिना नाम लिए स्वीकार किया था कि वह एक रिश्ते में हैं और दोबारा जीवन में साथी मिलने की खुशी महसूस कर रहे हैं।
गौरतलब है कि शिखर धवन इससे पहले ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली आयशा मुखर्जी से शादीशुदा थे। इस रिश्ते से उनका 11 वर्षीय बेटा जोरावर धवन है। तलाक के बाद शिखर लंबे समय तक निजी जिंदगी को लेकर चुप रहे। उन्होंने कई बार अपने बेटे के लिए प्यार और पीड़ा जाहिर की है। धवन का आरोप है कि उन्हें अपने बेटे से मिलने या बात करने का मौका नहीं मिल पा रहा है।
शिखर और सोफी से जुड़े करीबी लोगों का कहना है कि यह शादी सुर्खियों के लिए नहीं , बल्कि जीवन के एक नए , शांत और स्थिर अध्याय की शुरुआत के लिए है , जहां साथ , समझ और सुकून सबसे अहम होंगे। – Report by : वंशिका माहेश्वरी



