‘ इक्कीस ’ टीम से राजनाथ सिंह की मुलाकात , शहीद अरुण खेत्रपाल का परिवार रहा मौजूद
नई दिल्ली : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित युद्ध ड्रामा फिल्म ‘ इक्कीस ’ की विशेष स्क्रीनिंग में शिरकत की। यह कार्यक्रम न सिर्फ फिल्म के लिए खास रहा , बल्कि देश के एक वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित करने का भावुक अवसर भी बना। इस दौरान राजनाथ सिंह ने फिल्म की स्टारकास्ट से मुलाकात की और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले द्वितीय लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के परिवार को सम्मानित किया।
इस विशेष कार्यक्रम में फिल्म के मुख्य अभिनेता अगस्त्य नंदा और जयदीप अहलावत भी मौजूद थे। रक्षा मंत्री ने दोनों कलाकारों से बातचीत की और फिल्म के विषय तथा उसके संदेश की सराहना की। इसके साथ ही शहीद अरुण खेत्रपाल के परिवार और उनके टैंक क्रू के परिजनों की मौजूदगी ने इस मौके को और भी भावनात्मक बना दिया।
राजनाथ सिंह ने अपने आधिकारिक फेसबुक और एक्स अकाउंट पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए शहीद अरुण खेत्रपाल के अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया। उन्होंने लिखा , “ नई दिल्ली में फिल्म ‘ इक्कीस ‘ की विशेष स्क्रीनिंग के अवसर पर मैंने द्वितीय लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल (परम वीर चक्र) के परिवार और उनके टैंक क्रू के परिजनों को सम्मानित किया। अरुण खेत्रपाल ने 1971 के युद्ध में वीरतापूर्वक लड़ाई लड़ी और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। यह फिल्म उनकी बहादुरी को दर्शाती है और हमारे सशस्त्र बलों के साहस का सम्मान करती है। ”
उन्होंने आगे यह भी कहा कि फिल्म ‘ इक्कीस ’ न सिर्फ एक सिनेमाई प्रस्तुति है , बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और बलिदान का संदेश देती है। राजनाथ सिंह ने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उनके भविष्य के प्रयासों के लिए सफलता की कामना की।
फिल्म ‘ इक्कीस ’ द्वितीय लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है , जो मात्र 21 वर्ष की आयु में 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान शहीद हो गए थे। वह परम वीर चक्र प्राप्त करने वाले सबसे कम उम्र के अधिकारी थे। फिल्म का नाम ‘ इक्कीस ’ भी उनके जीवन और बलिदान की इसी विशेषता को दर्शाता है।
इस फिल्म में अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे , जबकि जयदीप अहलावत , सुहासिनी मुले , सिकंदर खेर और राहुल देव जैसे दमदार कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। खास बात यह है कि यह फिल्म दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की मरणोपरांत रिलीज होने वाली पहली फिल्म भी है , जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
हाल ही में ‘ इक्कीस ’ का अंतिम ट्रेलर जारी किया गया , जिसमें युद्ध के गहन और भावनात्मक दृश्य दिखाए गए हैं। ट्रेलर का सबसे प्रभावशाली संवाद धर्मेंद्र के किरदार से जुड़ा है , जब वह कहते हैं कि अरुण खेत्रपाल हमेशा 21 साल का ही रहेगा। यह संवाद दर्शकों के दिल को छू जाता है और शहीद की अमर विरासत को रेखांकित करता है।
श्रीराम राघवन द्वारा निर्देशित यह फिल्म पहले 25 दिसंबर को रिलीज होने वाली थी , लेकिन अब इसकी रिलीज डेट बढ़ाकर 1 जनवरी 2026 कर दी गई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि देशभक्ति और बलिदान की कहानी पर आधारित यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना प्रभाव छोड़ पाती है और दर्शकों के दिलों में कैसी जगह बनाती है। – Report by : वंशिका माहेश्वरी



