Facebook Twitter Instagram youtube youtube

पाकिस्तान में महसूस किए गए भूकंप के झटके

 पाकिस्तान में महसूस किए गए भूकंप के झटके
Spread the love

पाकिस्तान एक बार फिर भूकंप के झटकों से दहल उठा। शनिवार सुबह करीब 10 बजकर 7 मिनट पर पाकिस्तान के कई इलाकों में 4.1 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। अचानक आए झटकों से लोगों में दहशत फैल गई और कई इलाकों में लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस भूकंप में अब तक किसी तरह की जान – माल की हानि की सूचना नहीं मिली है।

नेशनल सेंटर फॉर सिस्मॉलॉजी (NCS) के अनुसार , भूकंप का केंद्र अक्षांश 33.39 डिग्री उत्तर और देशांतर 72.28 डिग्री पूर्व पर स्थित था। सबसे अहम बात यह रही कि भूकंप का केंद्र धरती की सतह से मात्र 10 किलोमीटर की गहराई पर था। वैज्ञानिकों के मुताबिक , जब भूकंप उथली गहराई पर आता है , तो उसके झटके ज्यादा तेज और प्रभावशाली महसूस होते हैं , जिससे दहशत बढ़ जाती है।

भूकंप के झटकों के बाद कई क्षेत्रों में लोग अपने घरों , दफ्तरों और दुकानों से बाहर निकल आए। हालांकि झटके कुछ ही सेकंड तक महसूस किए गए , लेकिन उनकी तीव्रता इतनी थी कि लोग घबरा गए। प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियों की ओर से हालात पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की कोई पुष्टि नहीं हुई है।

यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए हों। इससे पहले भी देश के अलग – अलग हिस्सों में बार – बार भूकंप आते रहे हैं। 16 दिसंबर (मंगलवार) को पाकिस्तान के बलूचिस्तान और कराची में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। उस दिन आए भूकंप की रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.2 दर्ज की गई थी। उस भूकंप का केंद्र बलूचिस्तान के सोनमियानी इलाके के पास स्थित था।

16 दिसंबर को आए भूकंप के झटके पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची सहित बलूचिस्तान राज्य के कई क्षेत्रों में महसूस किए गए थे। उस दौरान भी लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए थे। हालांकि उस भूकंप में भी किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं मिली थी।

वैज्ञानिकों के अनुसार , बलूचिस्तान और दक्षिणी पाकिस्तान भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील क्षेत्र माने जाते हैं। यह क्षेत्र इंडो – ऑस्ट्रेलियन और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेट्स के टकराव क्षेत्र में आता है। इन प्लेट्स की लगातार गतिविधियों के कारण यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इसी वजह से पाकिस्तान में समय – समय पर मध्यम तीव्रता के भूकंप दर्ज किए जाते हैं।

भूकंप विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने और आपदा से निपटने के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। प्रशासन की ओर से भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की गई है।

फिलहाल हालात सामान्य बताए जा रहे हैं , लेकिन लगातार आ रहे भूकंप के झटकों ने पाकिस्तान में लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है। – Report by : वंशिका माहेश्वरी 

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *