ड्रग्स केस में अमेरिकी रैपर विज खलीफा को 9 महीने की जेल
अमेरिकी रैपर और मशहूर हिप – हॉप आर्टिस्ट विज खलीफा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। रोमानिया की एक अदालत ने ड्रग्स से जुड़े मामले में उन्हें नौ महीने की जेल की सजा सुनाई है। इस फैसले ने न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय म्यूजिक इंडस्ट्री को चौंका दिया है , बल्कि विज खलीफा के करोड़ों फैंस के बीच भी हलचल मचा दी है।
यह मामला करीब एक साल पुराना है। जुलाई 2024 में रोमानिया के कोस्टिनेस्टी इलाके में आयोजित लोकप्रिय म्यूजिक इवेंट ‘ बीच , प्लीज ! ’ फेस्टिवल के दौरान विज खलीफा पर प्रतिबंधित नशीले पदार्थ रखने और सेवन करने का आरोप लगा था। आरोप के मुताबिक , उनके पास 18 ग्राम से अधिक कैनाबिस मौजूद था और उन्होंने मंच पर परफॉर्म करते हुए इसका सेवन भी किया था। शो के तुरंत बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया और स्थानीय पुलिस ने उनके खिलाफ जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद विज खलीफा को हिरासत में लिया गया था , हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया था। उस समय जांच जारी रखने का फैसला किया गया था। मामले के तूल पकड़ने के बाद खुद विज खलीफा ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि उनका किसी देश , संस्कृति या कानून का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि मंच पर मारिजुआना जलाना उनकी गलती थी और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने की बात कही थी।
इसके बावजूद रोमानिया की कानून व्यवस्था ने इस मामले को गंभीरता से लिया। अब कॉन्स्टेंटा कोर्ट ऑफ अपील ने इस केस में अंतिम फैसला सुनाते हुए विज खलीफा को व्यक्तिगत उपयोग के लिए अवैध रूप से खतरनाक ड्रग्स रखने का दोषी करार दिया है। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि विज खलीफा जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर की हस्ती का इस तरह का व्यवहार समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालता है , खासकर युवाओं पर।
कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि मंच पर नशीले पदार्थों का सेवन करना न केवल कानून का उल्लंघन है , बल्कि इससे ड्रग्स को सामान्य दिखाने और अप्रत्यक्ष रूप से इसके उपयोग को बढ़ावा मिलने का खतरा भी पैदा होता है। अदालत के अनुसार , सार्वजनिक मंच पर इस तरह का आचरण स्वीकार्य नहीं हो सकता , चाहे वह कलाकार कितना ही प्रसिद्ध क्यों न हो।
गौरतलब है कि इससे पहले अप्रैल 2025 में निचली अदालत ने विज खलीफा को इस मामले में करीब 830 अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया था। हालांकि अभियोजन पक्ष उस सजा से संतुष्ट नहीं था और उसने ऊपरी अदालत में अपील दायर कर कड़ी सजा की मांग की थी। अब अपील पर सुनवाई के बाद अदालत ने जुर्माने की सजा को अपर्याप्त मानते हुए नौ महीने की जेल की सजा सुनाई है।
विज खलीफा अमेरिकी नागरिक हैं , ऐसे में इस फैसले के बाद एक नया सवाल भी खड़ा हो गया है। यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या रोमानियाई अधिकारी उनकी सजा को लागू करने के लिए प्रत्यर्पण (एक्सट्रडिशन) की प्रक्रिया शुरू करेंगे या नहीं। फिलहाल इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस पूरे मामले ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय कलाकारों और स्थानीय कानूनों के बीच संतुलन को लेकर बहस छेड़ दी है। साथ ही यह भी साफ कर दिया है कि किसी भी देश में कानून से ऊपर कोई नहीं है , चाहे वह कितना ही बड़ा सेलिब्रिटी क्यों न हो। – Report by : वंशिका माहेश्वरी



