Facebook Twitter Instagram youtube youtube

पीएम मोदी 3 देशों की यात्रा के अंतिम चरण में ओमान पहुंचे

 पीएम मोदी 3 देशों की यात्रा के अंतिम चरण में ओमान पहुंचे
Spread the love

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने चार दिवसीय विदेश दौरे के क्रम में बुधवार को इथियोपिया से ओमान के लिए रवाना हो गए। यह उनकी तीन देशों की यात्रा का अंतिम चरण है। इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में प्रधानमंत्री को बेहद भावनात्मक विदाई मिली। इथियोपियाई प्रधानमंत्री अबी अहमद अली स्वयं प्रधानमंत्री मोदी को कार से हवाई अड्डे तक छोड़ने पहुंचे और व्यक्तिगत रूप से उन्हें विदा किया। यह दोनों देशों के बीच गहराते रिश्तों का प्रतीक माना जा रहा है।

विदाई के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए प्रधानमंत्री अबी अहमद ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में फिर प्रधानमंत्री मोदी से मिलने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत और इथियोपिया ऐतिहासिक , सांस्कृतिक और कूटनीतिक संबंधों से हमेशा जुड़े रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की यह इथियोपिया की पहली आधिकारिक यात्रा थी , जो कई मायनों में ऐतिहासिक साबित हुई।

इस यात्रा के दौरान भारत और इथियोपिया ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को “ रणनीतिक साझेदारी ” के स्तर तक उन्नत किया। प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री अबी अहमद के बीच व्यापक द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसके बाद दोनों देशों ने कई अहम समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान – प्रदान किया। इन समझौतों में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों के प्रशिक्षण , सीमा शुल्क मामलों में पारस्परिक प्रशासनिक सहयोग और इथियोपिया के विदेश मंत्रालय में डेटा सेंटर की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।

इसके अलावा , दोनों पक्षों ने जी20 के तहत ऋण पुनर्गठन , भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) के तहत इथियोपियाई छात्रों के लिए छात्रवृत्तियों में वृद्धि , इथियोपियाई नागरिकों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े लघु पाठ्यक्रम और मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य देखभाल के क्षेत्र में सहयोग की भी घोषणा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को भी संबोधित किया , जहां उन्हें अभूतपूर्व स्वागत मिला। सांसद प्रधानमंत्री मोदी से हाथ मिलाने और उनका भाषण सुनने के लिए उत्सुक नजर आए। कई सांसदों ने भावनाओं में बहकर प्रधानमंत्री के हाथों को चूम लिया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और इथियोपिया को क्षेत्रीय शांति , सुरक्षा और कनेक्टिविटी में “ प्राकृतिक साझेदार ” बताया। उल्लेखनीय है कि इथियोपिया दुनिया की 18वीं संसद है , जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने संबोधित किया।

प्रधानमंत्री मोदी को इथियोपिया सरकार द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “ द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया ” से सम्मानित किया गया। वह यह सम्मान प्राप्त करने वाले पहले वैश्विक राष्ट्राध्यक्ष हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने इथियोपिया की संसद परिसर में ‘ एक पेड़ मां के नाम ’ पहल और इथियोपिया की ग्रीन लेगेसी पहल के तहत एक पौधा भी लगाया।

इथियोपिया दौरा पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी अब ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक के निमंत्रण पर ओमान पहुंचे हैं। ओमान में प्रधानमंत्री दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी , व्यापार और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। यह यात्रा भारत – ओमान कूटनीतिक संबंधों की स्थापना के 70 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रही है।

ओमान दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी भारतीय प्रवासी समुदाय को भी संबोधित करेंगे। यह उनकी ओमान की दूसरी यात्रा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह यात्रा व्यापार , निवेश , ऊर्जा , रक्षा , सुरक्षा , प्रौद्योगिकी , कृषि और संस्कृति सहित कई क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक समीक्षा और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों के आदान – प्रदान का अवसर प्रदान करेगी। – Report by : वंशिका माहेश्वरी 

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *