फिल्मी दुनिया में शोक , ऑस्कर नॉमिनेटेड डायरेक्टर रॉब रेनर का निधन
हॉलीवुड के जाने – माने डायरेक्टर , एक्टर और पॉलिटिकल एक्टिविस्ट रॉब रेनर का निधन हो गया है। रविवार , 14 दिसंबर 2025 को वह न्यूयॉर्क स्थित अपने घर में मृत पाए गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार , रॉब रेनर और उनकी पत्नी की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। परिवार ने दोनों के निधन की पुष्टि कर दी है , जबकि मामले की जांच फिलहाल पुलिस कर रही है। इस खबर के सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
रॉब रेनर का जन्म 6 मार्च 1947 को अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक यहूदी परिवार में हुआ था। उनके पिता कार्ल रेनर हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता , लेखक और कॉमेडियन थे। पिता के प्रभाव के चलते रॉब रेनर का झुकाव बचपन से ही फिल्मों और अभिनय की ओर हो गया था। उन्होंने न सिर्फ निर्देशन बल्कि अभिनय और लेखन के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई।
रॉब रेनर ने अपने करियर की शुरुआत अभिनय से की थी। उन्हें टीवी सीरियल ‘ ऑल इन द फैमिली ’ से जबरदस्त लोकप्रियता मिली , जिसमें उनके किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके बाद उन्होंने निर्देशन की दुनिया में कदम रखा और एक के बाद एक यादगार फिल्में दीं। रॉब रेनर उन चुनिंदा फिल्ममेकर्स में शामिल रहे , जिन्होंने रोमांटिक , कॉमेडी , ड्रामा और थ्रिलर जैसे अलग – अलग जॉनर में सफल फिल्में बनाईं।
उनकी चर्चित फिल्मों में ‘ दिस इज स्पाइनल टैप ’ , ‘ स्टैंड बाय मी ’ , ‘ द प्रिंसेस ब्राइड ’ , ‘ व्हेन हैरी मेट सैली ’ , ‘ मिजरी ’ और ‘ए फ्यू गुड मैन ’ शामिल हैं। साल 1992 में रिलीज हुई ‘ ए फ्यू गुड मैन ’ एक मिलिट्री कोर्टरूम ड्रामा थी , जिसे बेस्ट पिक्चर कैटेगरी में एकेडमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन मिला था। इस फिल्म में टॉम क्रूज और जैक निकोलसन जैसे दिग्गज कलाकार नजर आए थे। इसी फिल्म से प्रेरित होकर हिंदी सिनेमा में ‘ शौर्य ’ बनाई गई थी , जिसमें केके मेनन और राहुल बोस मुख्य भूमिकाओं में थे।
रॉब रेनर को उनके शानदार निर्देशन के लिए कई पुरस्कार मिले। उन्हें बेस्ट डायरेक्टर के लिए चार गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स से नवाजा गया था। इसके अलावा डायरेक्टर्स गिल्ड ऑफ अमेरिका अवॉर्ड्स में भी उन्हें कई बार नॉमिनेशन मिला। फिल्ममेकिंग के साथ – साथ वह अमेरिकी राजनीति में भी सक्रिय रहे और एक मुखर पॉलिटिकल एक्टिविस्ट के तौर पर पहचाने गए।
रॉब रेनर की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही। उन्होंने 1971 में एक्ट्रेस और डायरेक्टर पेनी मार्शल से शादी की थी। दोनों की कोई संतान नहीं हुई , लेकिन रॉब ने पेनी की पिछली शादी से हुई बेटी ट्रेसी को गोद लिया था। 1981 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद 1989 में रॉब रेनर ने एक्ट्रेस और फोटोग्राफर मिशेल सिंगर से शादी की। दोनों की मुलाकात फिल्म ‘ व्हेन हैरी मेट सैली ’ के सेट पर हुई थी। इस शादी से उनके तीन बच्चे हुए।
साल 2024 में रॉब रेनर अपनी कल्ट फिल्म ‘ स्पाइनल टैप ’ के सीक्वल पर काम कर रहे थे। इसके अलावा वह फिल्मों और टीवी सीरियल्स में बतौर अभिनेता भी सक्रिय थे। उन्होंने ‘ द लैरी सैंडर्स शो ’ , ‘ द सिम्पसंस ’ और ‘ न्यू गर्ल ’ जैसे लोकप्रिय शोज़ में कैमियो भूमिकाएं निभाईं।
रॉब रेनर के निधन से हॉलीवुड ने एक ऐसे फिल्मकार को खो दिया है , जिसने दशकों तक दर्शकों का मनोरंजन किया और सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं। उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी। – Report by : वंशिका माहेश्वरी



