Facebook Twitter Instagram youtube youtube

विश्व कप के फाइनल में कभी नहीं भिड़े भारत – द .अफ्रीका

 विश्व कप के फाइनल में कभी नहीं भिड़े भारत – द .अफ्रीका
Spread the love

नई दिल्ली : महिला वनडे विश्व कप 2025 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। फाइनल मुकाबले में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आमने – सामने होंगी। यह रोमांचक भिड़ंत रविवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेली जाएगी। खास बात यह है कि दोनों टीमों ने अब तक कभी विश्व कप का खिताब नहीं जीता है , इसलिए इस बार महिला क्रिकेट को नया चैंपियन मिलने जा रहा है।

भारत और दक्षिण अफ्रीका के लिए फाइनल तक पहुंचने का रास्ता आसान नहीं था। दक्षिण अफ्रीका को सेमीफाइनल में इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम का सामना करना पड़ा , जबकि भारत ने सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को मात देकर फाइनल में जगह बनाई। दिलचस्प बात यह है कि ग्रुप चरण में इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था , लेकिन दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में बदला चुकता कर दिया।

ग्रुप चरण में दोनों टीमों का प्रदर्शन भी शानदार रहा। दक्षिण अफ्रीका ने सात मैचों में पांच जीत और दो हार के साथ 10 अंक जुटाए और तीसरे स्थान पर रही। वहीं , मेजबान भारत ने सात मैचों में तीन जीत , तीन हार और एक बेनतीजा मुकाबले के साथ सात अंक लेकर चौथे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

भारत ने अपने अभियान की शुरुआत श्रीलंका को बारिश से बाधित मुकाबले में 59 रनों से हराकर की। इसके बाद पाकिस्तान पर 88 रनों की बड़ी जीत दर्ज की। हालांकि इसके बाद टीम को लगातार तीन हार झेलनी पड़ी – दक्षिण अफ्रीका , ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्चुअल नॉकआउट में स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में डीएलएस पद्धति से 53 रनों की जीत दर्ज की। बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी ग्रुप मैच बारिश के कारण रद्द हो गया।
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत निराशाजनक रही थी , जब उसे इंग्लैंड के खिलाफ 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। लेकिन इसके बाद टीम ने शानदार वापसी की और न्यूजीलैंड , भारत , बांग्लादेश , श्रीलंका और पाकिस्तान को हराया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी ग्रुप मैच में हार के बावजूद टीम ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

महिला वनडे विश्व कप के इतिहास में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें अब तक छह बार आमने – सामने हुई हैं और दोनों ने तीन – तीन मैच जीते हैं। 1997 से 2005 तक भारत का पलड़ा भारी रहा, जबकि 2017 से 2025 के बीच दक्षिण अफ्रीका ने बढ़त बनाई। 1997 में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पांच विकेट से हराया था , 2000 में आठ विकेट से और 2005 में चार विकेट से। वहीं , दक्षिण अफ्रीका ने 2017 में 115 रनों से, 2022 में तीन विकेट से और 2025 के ग्रुप चरण में भी भारत को तीन विकेट से हराया।

अब नजरें नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम पर टिकी हैं , जहां रविवार को दोनों टीमें इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। भारत और दक्षिण अफ्रीका के लिए यह मुकाबला केवल एक फाइनल नहीं , बल्कि अपने पहले विश्व कप खिताब का सपना पूरा करने का सुनहरा अवसर होगा।

 

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *