एकादशी पर भगदड़ मची , श्रीकाकुलम में 10 लोगों की मौत
श्रीकाकुलम (आंध्र प्रदेश) : आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शनिवार सुबह भगदड़ मच गई। हादसे में 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है , जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
जानकारी के अनुसार , शनिवार को एकादशी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर पहुंचे थे। मंदिर के प्रवेश द्वार के पास अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई।
सूत्रों के मुताबिक , सुबह करीब 11:30 बजे यह घटना हुई। काशीबुग्गा सब – डिवीजन के डीएसपी लक्ष्मण राव ने बताया कि हादसे में 10 लोगों की मौत और दो अन्य घायल हुए हैं।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को पास के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
उन्होंने कहा , “ श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। इस हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु हृदयविदारक है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और अधिकारियों को घायलों के शीघ्र इलाज के निर्देश दिए हैं। ”
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। राज्य के कृषि मंत्री के. अत्चन्नायडू भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
सोशल मीडिया पर हादसे के वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें मंदिर की सीढ़ियों पर भारी भीड़ दिखाई दे रही है। कई महिलाएं , बच्चे और बुजुर्ग भीड़ के दबाव में फंसे नजर आए। बताया जा रहा है कि रेलिंग टूटने के बाद लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े, जिससे कई श्रद्धालु दब गए। महिलाओं की संख्या मृतकों में अधिक बताई जा रही है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांत रहने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। भीड़ नियंत्रण के लिए मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग और प्रवेश प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है।



