Gen-Z प्रदर्शन से हिला देश, राष्ट्रपति देश छोड़कर भागे
नेपाल के बाद अब मेडागास्कर में Gen-Z का उग्र प्रदर्शन देखने को मिला। प्रदर्शन की वजह से हालात इतने बिगड़ गए कि मेडागास्कर के राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना को अपने जीवन की सुरक्षा के लिए देश छोड़ना पड़ा।
राष्ट्रपति का संबोधन और सुरक्षा खतरा
राजोइलिना ने राष्ट्रीय टेलीविजन पर अज्ञात स्थान से देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश में सत्ता हथियाने का अवैध प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रपति ने कहा , “ मुझे अपने जीवन की रक्षा के लिए सुरक्षित स्थान खोजने पर मजबूर होना पड़ा। ”
राष्ट्रपति पद से नहीं दिया इस्तीफा
राजोइलिना ने अपने संबोधन में राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने की बात नहीं कही। हालात और गंभीर तब हुए जब शनिवार को सेना का एक दल प्रदर्शन में शामिल हो गया और सेना के लोग भी राष्ट्रपति और मंत्रियों से पद छोड़ने की मांग कर रहे थे।
संविधान का सम्मान और बातचीत की संभावना
राष्ट्रपति ने कहा कि संविधान का सम्मान होना चाहिए और हालातों से बाहर निकलने के लिए बातचीत की संभावना तलाश रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि वह मेडागास्कर से कैसे निकले। रिपोर्ट के अनुसार उन्हें फ्रांस के एक सैन्य विमान से देश से बाहर ले जाया गया।
प्रदर्शन की शुरुआत और वजह
मेडागास्कर में सरकार विरोधी प्रदर्शन 25 सितंबर 2025 को शुरू हुए थे। युवा प्रदर्शनकारियों ने पानी और बिजली की लगातार कटौती के खिलाफ आवाज उठाई। राष्ट्रपति राजोइलिना के पास कथित तौर पर फ्रांसीसी नागरिकता भी है, जिसे लेकर कुछ देशवासी असंतोष जताते रहे हैं।



