सीएम योगी के जनता दरबार में रिटायर्ड फौजी ने खाया जहर, लोनी विधायक पर लगाए गंभीर आरोप

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में गुरुवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र के रहने वाले 65 वर्षीय रिटायर्ड फौजी सतबीर गुर्जर ने दरबार में ही मौजूद लोगों को बताया कि उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया है। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर मौजूद लोग और अधिकारी स्तब्ध रह गए।
फौरन ही सतबीर गुर्जर को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
विधायक पर लगाए गंभीर आरोप
सूत्रों के मुताबिक, सतबीर गुर्जर अपनी शिकायत लेकर सुबह जनता दरबार पहुंचे थे। उन्होंने मौके पर कहा कि वे लंबे समय से परेशान हैं और इसी कारण निराश होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सतबीर ने लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि विधायक से उन्हें जान का खतरा है और उन पर करोड़ों की वसूली का भी आरोप लगाया। सतबीर का कहना था कि विधायक के लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर उन्होंने जहरीला पदार्थ खाया।
अधिकारियों ने लिया संज्ञान
जनता दरबार में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और सिस्टम पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मौके पर मौजूद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई की। रिटायर्ड फौजी के बयान और हालात की जांच की जा रही है।