विकसित भारत, विकसित यूपी: विधानसभा में सीएम योगी का जोरदार संबोधन

लखनऊ: यूपी विधानसभा के मानसून सत्र का आज आखिरी दिन ‘विजन डॉक्यूमेंट’ पर चर्चा हो रही है। वहीँ उत्तर प्रदेश विधानसभा में ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर 24 घंटे चली अनवरत चर्चा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को संबोधन दिया। इस चर्चा में सत्ता और विपक्ष दोनों के 187 सदस्य शामिल हुए। सीएम ने इसे लोकतंत्र का आदर्श उदाहरण बताते हुए कहा कि “लोकतंत्र का मंच इसी गरिमापूर्ण तरीके से संचालित होना चाहिए।”
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी देश का सांस्कृतिक और धार्मिक नेतृत्व करता आया है। पीएम मोदी ने ग्लोबल समिट में कहा था कि उत्तर प्रदेश अब एक उम्मीद बन चुका है और भारत की आर्थिक वृद्धि का प्रमुख ड्राइवर है। सीएम ने सवाल उठाया, “भारत विकसित होगा तो क्या यूपी को अपना योगदान नहीं देना चाहिए? यूपी की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से अधिक क्यों न हो?”
सपा पर कूपमंडूक टिप्पणी
भाषण के दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी की तुलना ‘कूपमंडूक’ यानी कुएं के मेंढक से करते हुए कहा कि विपक्ष का विजन सीमित है और वे परिवार से बाहर सोच ही नहीं पाते। उन्होंने एक कहानी सुनाई जिसमें कुएं के मेंढक को समुद्र की विशालता का अंदाज़ा नहीं था। योगी ने कहा, “हमारे सपा के लोगों का भी यही हाल है — उनका विजन सीमित और सोच परिवार तक सीमित है।”
2017 से पहले और बाद का यूपी
सीएम ने 2017 से पहले के यूपी की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि नीतिगत उदासीनता के कारण राज्य पिछड़ गया।
- 1960 में यूपी का जीडीपी में हिस्सा 14% था, जो घटकर 8% रह गया।
- प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत के बराबर से घटकर 2017 में केवल एक तिहाई रह गई।
- उद्योग बंद थे, कानून-व्यवस्था कमजोर थी, अपराध और पलायन आम था।
2017 के बाद डबल इंजन सरकार ने कानून का राज स्थापित किया, जीडीपी योगदान 9.5% तक पहुंचाया और प्रति व्यक्ति आय ₹1.20 लाख कर दी। यूपी की विकास दर अब राष्ट्रीय औसत से बेहतर 15.9% है और जीएसडीपी 35 लाख करोड़ तक पहुंचने वाली है।
कृषि और उद्योग में सुधार
- सीएम ने बताया कि यूपी के किसान अब राष्ट्रीय खाद्यान्न उत्पादन में लगभग 21% योगदान देते हैं।
- गेहूं का उत्पादन प्रति हेक्टेयर 50 क्विंटल तक हुआ।
- गन्ना उत्पादन में 55% हिस्सेदारी, 120 में से 105 चीनी मिलों में समय पर भुगतान।
- दलहन उत्पादन में 46% वृद्धि, तिलहन में भी तेजी से बढ़त।
- इथेनॉल उत्पादन में यूपी देश में पहले स्थान पर।
- सरयू नहर योजना जैसे अधूरे प्रोजेक्ट पूरे किए गए, जिससे 14 लाख हेक्टेयर सिंचाई संभव हुई।
विपक्ष पर तीखे वार
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले विपक्ष ने किसानों और गोमाता के साथ धोखा किया। “जब आप गाय को भी धोखा दे सकते हैं, तो किसी को नहीं छोड़ेंगे। आपका 2027 में सत्ता में लौटने का सपना सपना ही रहेगा।”
विरासत और पर्यटन
योगी ने कहा कि अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, विंध्यवासिनी धाम और चित्रकूट में राज्य की विरासत और धार्मिक महत्व को संजोने का कार्य हुआ है। इन स्थलों का विकास यूपी की पहचान को वैश्विक स्तर तक ले जा रहा है।