सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन की सानिया चंडोक से सगाई, जानिए होने वाली बहू और उनके बिजनेस साम्राज्य के बारे में

मुंबई : क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर के बेटे और युवा क्रिकेटर अर्जुन तेंदुलकर ने बुधवार को मुंबई में सानिया चंडोक से सगाई कर ली। सानिया मशहूर बिजनेसमैन रवि घई की पोती और गौरव घई की बेटी हैं। हालांकि, तेंदुलकर और घई परिवार ने अब तक इस इंगेजमेंट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
निजी माहौल में हुई सगाई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सगाई का कार्यक्रम बेहद निजी रखा गया था। इसमें सिर्फ दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदार और खास लोग ही शामिल हुए।
सानिया चंडोक और उनका बिजनेस
एक मशहूर बिजनेस घराने से होने के बावजूद सानिया चंडोक लाइमलाइट से दूर रहती हैं। वह मुंबई में Mr. Paws Pet Spa & Store LLP की पार्टनर और डायरेक्टर हैं।
यह कंपनी पेट-केयर से जुड़ा एक बुटीक स्पा और स्टोर है, जिसकी शुरुआत 2022 में महज एक लाख रुपए की पूंजी से हुई थी। यहां पालतू जानवरों के लिए स्किनकेयर, ग्रूमिंग और संबंधित प्रोडक्ट्स उपलब्ध कराए जाते हैं।
घई परिवार का बिजनेस साम्राज्य
घई परिवार हॉस्पिटैलिटी और फूड इंडस्ट्री में एक बड़ा नाम है।
- रवि घई ग्रेविस हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड के चेयरमैन हैं।
- परिवार का इंटरकॉन्टिनेंटल होटल्स ग्रुप दुनिया भर में फैला है, जिसकी वैल्यू करीब 18.43 बिलियन डॉलर (1.6 लाख करोड़ रुपये) है।
- मुंबई के मरीन ड्राइव स्थित इंटरकॉन्टिनेंटल होटल और फेमस ब्रूकलिन क्रीमरी आइसक्रीम ब्रांड भी इसी परिवार के हैं।
यह बिजनेस शुरुआत में रवि घई के पिता इकबाल किशन घई ने खड़ा किया था, जिन्होंने देश में क्वालिटी आइसक्रीम ब्रांड की शुरुआत की। बाद में रवि ने इसे मिडिल ईस्ट और अन्य देशों में फैलाया। ब्रूकलिन क्रीमरी को आगे बढ़ाने में अगली पीढ़ी, यानी शिवान घई की अहम भूमिका रही।
अर्जुन तेंदुलकर का क्रिकेट करियर
- 25 वर्षीय अर्जुन एक फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर हैं।
- उन्होंने मुंबई अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 टीमों के लिए खेला।
- 2018 में श्रीलंका के खिलाफ भारतीय अंडर-19 टीम से डेब्यू किया।
- 2020 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की ओर से घरेलू क्रिकेट की शुरुआत की।
- 2021 में IPL में मुंबई इंडियंस ने उन्हें खरीदा, हालांकि डेब्यू 2023 में मिला।
- बाद में गोवा की रणजी टीम से फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलते हुए अपने पहले ही मैच में शतक जड़ा।
खेल और बिजनेस के इस संगम पर सभी की नज़र
अर्जुन और सानिया की सगाई न सिर्फ क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का विषय है, बल्कि बिजनेस जगत में भी इसकी खूब चर्चा हो रही है। एक ओर मैदान पर गेंद और बल्ले का खेल है, तो दूसरी ओर करोड़ों डॉलर का बिजनेस साम्राज्य — दोनों का मिलन सुर्खियों में बना हुआ है।