यूपी का नया मुख्य सचिव, जानिए एसपी गोयल के बारे में

शशि प्रकाश गोयल को उत्तर प्रदेश का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। उन्होंने कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। मनोज कुमार सिंह को सेवा विस्तार नहीं मिला है। नाम की घोषणा होते ही कई दिनों से चल रही अटकलों पर विराम लग गया। इस मौके पर मनोज कुमार सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। बताते चलें कि गोयल 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह अभी तक मुख्यमंत्री के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी पद पर काम कर रह थे। मुख्यमंत्री के सबसे खास अफसरों में इनकी गिनती होती रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शुरुआती कार्यकाल से यह सीएम कार्यालय के प्रमुख अफसरों में एक रहे हैं।केंद्र सरकार द्वारा अभी तक जितने भी मुख्य सचिवों को सेवा विस्तार दिया गया था, उसका पत्र अंतिम दिन ही आया था। इसलिए ब्यूरोक्रेसी को गुरुवार की शाम तक का बेसब्री से इंतजार था। सभी की निगाहें केंद्र की ओर लगी रहीं। मनोज कुमार सिंह को सेवा विस्तार न मिलने पर शाम को मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव रहे एसपी गोयल को नया मुख्य सचिव बना दिया गया।
यूपी के नए मुख्य सचिव एसपी गोयल का अलीगढ़ से पुराना नाता है। वह अलीगढ़ में डीएम और सीडीओ रहे। यहां उन्होंने अपनी प्रशासनिक सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने गरीब और वंचित वर्ग के लोगों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और योजनाएं शुरू की थीं। उनके कार्यकाल को याद करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवराज जीवन ने बताया कि गोयल ने शीशियापाड़ा में एक सिलाई केंद्र का उद्घाटन किया था, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिली।
