स्वच्छ सर्वेक्षण में उप्र के पांच शहरों को पुरस्कार, लखनऊ की ऊंची उड़ान; देश में नंबर तीन

लखनऊ। राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में उत्तर प्रदेश के पांच शहरों-लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, आगरा और गौतमबुद्ध नगर को स्थान मिला है। लखनऊ ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 44वें स्थान से तीसरे स्थान पर जगह बनाई है। लखनऊ ने साफ सुथरे शहरों में ऊंची छलांग लगाते हुए देश के सर्वश्रेष्ठ तीन शहरों में स्थान प्राप्त किया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में इन शहरों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। लखनऊ की महापौर, तत्कालीन नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह व प्रमुख सचिव नगर विकास ने नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के साथ पुरस्कार प्राप्त किया।
केंद्र सरकार के स्वच्छ भारत मिशन की मिशन निदेशक और संयुक्त सचिव रूपा मिश्रा ने इस संबंध में नगर विकास विभाग को पत्र भेज था। इस पत्र के अनुसार सर्वश्रेष्ठ तीन शहरों में स्थान प्राप्त करने पर लखनऊ को राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
विशेष श्रेणी में प्रयागराज और गोरखपुर को पुरस्कार
विशेष श्रेणी में प्रयागराज और गोरखपुर को पुरस्कार दिया गया। प्रयागराज में इस वर्ष महाकुंभ का आयोजन हुआ था, इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने पर बेहतर सफाई व्यवस्था की गई। इसकी देश ही नहीं, दुनिया में भी सराहना हुई। इसी कारण प्रयागराज को विशेष श्रेणी का पुरस्कार दिया गया।
मुख्यमंत्री की कर्मस्थली गोरखपुर को भी इस बार स्वच्छ शहरों की श्रेणी के मिनिस्टीरियल अवार्ड से सम्मानित किया गया। आगरा को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। गौतमबुद्ध नगर को तीन से 10 लाख की आबादी की श्रेणी में सबसे साफ सुथरे शहर के रूप में स्थान देते हुए सम्मानित किया गया।
स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में अहमदाबाद को देश का सबसे स्वच्छ शहर पाया गया। भोपाल भी पिछले वर्ष के पांचवें स्थान से दूसरे स्थान पर आया है।
