सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर को मिली जान से मारने की धमकी, जेड+ की सुरक्षा की मांग

लखनऊ/बलिया। सुभासपा प्रमुख व उप्र सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी कमलेश सिंह नाम के युवक ने दी है जो करणी सेना बलिया का जिलाध्यक्ष बताया जा रहा है।
इस सम्बन्ध में सुभासपा राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर ने बताया सुभासपा प्रमुख कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर को जान से मारने की धमकी मिली है जो कमलेश सिंह ने दी है।
जान से मारने की यह धमकी कमलेश सिंह ने सोशल मीडिया पर दी है। करणी सेना का जिलाध्यक्ष बताए जा रहे युवक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा- ‘ओपी राजभर को गोली मार दूंगा’।
अरुण राजभर ने कहा इस सम्बन्ध में बलिया के रसड़ा थाने में तहरीर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सुभासपा की माँग है धमकी देने वाले व्यक्ति की जल्द गिरफ्तारी हो एवं सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर को जेड+ की सुरक्षा दी जाय। उन्होंने यह भी बताया कि ओम प्रकाश राजभर के जेड+ की सुरक्षा के लिए सुभासपा ने गृहमंत्री अमित शाह को पत्र भी लिखा है।
