Facebook Twitter Instagram youtube youtube

संभल में दर्दनाक हादसा; बारात की बोलेरो स्कूल की दीवार से टकराई, दूल्हे समेत 8 की मौत

 संभल में दर्दनाक हादसा; बारात की बोलेरो स्कूल की दीवार से टकराई, दूल्हे समेत 8 की मौत
Spread the love

संभल। उप्र के संभल जिले में शुक्रवार की शाम भीषण हादसे में दूल्हे समेत 8 लोगों की मौत हो गई। बारात लेकर जा रही बोलेरो बेकाबू होकर जनता इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने गाड़ी के दरवाजे काटकर घायलों को बाहर निकाला लेकिन दूल्हा, उसकी भाभी समेत 5 की मौत हो चुकी थी। जबकि दूल्हे की बहन समेत 3 ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में 2 घायल हैं। दोनों की हालत नाजुक है, उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। बोलेरो में 10 लोग सवार थे।

बारात बदायूं के सिरसौल गांव जा रही थी। हादसा तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र में हुआ। इधर, जिस इंटर कॉलेज की दीवार से बोलेरो टकराई थी, उस स्कूल में आज बच्चे और स्टाफ पहुंचा लेकिन क्लास नहीं लगी। हादसे के चलते स्कूल में शोक सभा हुई। उसके बाद बच्चों को छुट्‌टी कर दी गई।

दूल्हा सूरज (24) संभल में जुनावई थाना क्षेत्र के हर गोविंदपुर का रहने वाला था। वह शुक्रवार की शाम बारात लेकर बदायूं की तहसील बिल्सी के गांव सिरसौल जा रहा था। उसकी गाड़ी में परिवार की महिलाएं और रिश्तेदार समेत 10 लोग बैठे हुए थे। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय दूल्हे की गाड़ी बारात से पीछे चल रही थी।

देर होने के डर से चालक रवि ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान गाड़ी बेकाबू होकर कॉलेज की दीवार से टकरा गई और हादसा हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही ASP दक्षिण अनुकृति शर्मा और क्राइम इंस्पेक्टर बलराम सिंह यादव मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर ने घटनास्थल पर मिले पहचान पत्रों के आधार पर परिवार को हादसे की सूचना दी।

ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया, धमाके जैसी आवाज आई

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- गाड़ी की स्पीड बहुत तेज थी। ड्राइवर ने स्टेयरिंग से कंट्रोल खो दिया और गाड़ी कॉलेज की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि धमाके जैसी आवाज आई। हम लोग दौड़ पड़े।

सब लोग गाड़ी में फंसे हुए थे। दर्द से कराह रहे थे। लोगों ने सबको बाहर निकालने की कोशिश की। कुछ देर में पुलिसवाले भी आ गए। पुलिस ने गांव वालों की मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर सीएचसी भेजा।

पुलिस के अनुसार, हादसे में दूल्हा सूरज (24) पुत्र सुखराम, बहन कोमल (18), भाभी आशा (26), भतीजी ऐश्वर्या (2), सचिन (22) और उनकी पत्नी मधु (20), गणेश (6) पुत्र देवा, और ड्राइवर रवि (28) पुत्र बच्चू बंजारा की मौत हुई है। घायल देवा (24) पुत्र हुकुम सिंह और हिमांशी (3) पुत्री लाल सिंह का इलाज चल रहा है।

दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल

दूल्हे सूरज की शादी बदायूं के रहने वाले राजू की बेटी अंजू से तय हुई थी। बारात शाम 7:05 बजे बदायूं के लिए निकली थी। लेकिन महज 10 मिनट बाद ये हादसा हो गया। दुल्हन अंजू के पिता और रिश्तेदार बारात के स्वागत की तैयारी में जुटे थे।

दूल्हे के परिवार ने उन्हें हादसे की जानकारी दी। जैसे ही यह खबर मिली दुल्हन के यहां खुशियां मातम में बदल गईं। दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है। माता-पिता भी रोने बिलखने लगे। लड़की पक्ष के लोग संभल के लिए रवाना हुए हैं।

एसपी बोले- ड्राइवर की गलती से हुआ हादसा

एसपी केके बिश्नोई ने बताया हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जेसीबी से बोलेरो को दीवार से अलग किया गया। मशीन से गाड़ी के दरवाजे काटे गए। लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। उन्हें सीएचसी भेजा गया।

यहां प्राथमिक इलाज के बाद 5 घायलों को अलीगढ़ रेफर किया। हादसा ड्राइवर की गलती की वजह से हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया। मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।

 

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *