लड़कियों से छेड़छाड़, हर बात पर गोली मारने की धमकी; कॉलेज में बैठकर शराब पीता था मनोजित मिश्रा

नई दिल्ली। कोलकाता गैंगरेप केस के आरोपी मनोजित मिश्रा को लेकर हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं। मनोजित ने कॉलेज के लाइब्रेरियन के साथ मारपीट की थी और उसने कॉलेज में घुसने से मना करने पर एक सिक्योरिटी गार्ड को मार-मारकर कान का पर्दा फाड़ दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, मनोजित के एक बैचमेट ने नाम न छापने की शर्त पर बताया है कि वह हर रोज शाम को कॉलेज के यूनियन रूम में बैठकर शराब पीता था। उसने यूनियन रूम को बार बना दिया था और उसकी इन हरकतों के आगे कोई चू तक नहीं कर पाता था, क्योंकि सब उससे डरते थे।
मनोजित के खिलाफ कई आपराधिक मामले
मनोजित के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। कॉलेज में लड़कियों को छेड़ना उसके लिए जैसे कोई खेल बन गया था। वह कॉलेज के कर्मचारियों को हर बात में गोली मारने की धमकी देता था। जुलाई 2019 में एक छात्रा की ड्रेस फाड़ने के आरोप में उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
मार्च 2022 में स्विन्हो लेन में एक महिला से छेड़छाड़ का भी आरोप उस पर लगा था। मनोजित पर कॉलेज की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है। मनोजित मिश्रा को कलकत्ता के लॉ कॉलेज में एक 24 वर्षीय छात्रा के साथ गैंगरेप के आरोप में अरेस्ट किया गया है।
उसका संबंध तृणमूल कांग्रेस से था। वह कॉलेज में TMC छात्र संघ का पदाधिकारी था। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मनोजित ने अपने साथियों के साथ मिलकर कॉलेज के गार्ड रूम में उसके साथ रेप किया था। उन्होंने इसका वीडियो भी बनाया था और किसी को इसके बारे में सूचित नहीं करने की धमकी दी थी।
