अपना दल (एस) को झटका, बागियों ने बनाया नया मोर्चा; नौ विधायकों के संपर्क में होने का दावा

लखनऊ। उप्र में पंचायत चुनावों से पहले अपना दल (सोनेलाल) को तगड़ा झटका लगा है। पार्टी के बागी नेताओं ने ‘अपना मोर्चा’ नाम से नये फ्रंट का ऐलान किया है। संयोजक चौधरी ब्रजेंद्र प्रताप सिंह पटेल ने दावा किया कि मोर्चा ही असली अपना दल है और नौ विधायक उनके संपर्क में है, जो भाजपा से बात होते ही साथ आ जाएंगे।
दरअसल, यह पूरी कवायद कुर्मी बिरादरी के वोटबैंक में हिस्सेदारी को लेकर है। इसी क्रम में मंगलवार को लखनऊ के प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर संयोजक कहा कि वर्ष 2017 में कार्यकर्ताओं ने पार्टी बनाई थी, उसे अनुप्रिया पटेल ने हाईजैक कर अपने पति को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया। 10 साल से दल में चुनाव नहीं होने दिया। हम अभी भी NDA में हैं।
गृहमंत्री अमित शाह को बताया जाएगा कि परिवारवादी अनुप्रिया के कारण बिरादरी का एनडीए से भी मोह भंग हुआ है। पार्टी के नौ विधायक और पूरी बिरादरी हमारे साथ है। उन्होंने सोनेलाल पटेल की मृत्यु की सीबीआइ जांच की भी मांग उठाई।
बताया कि बुधवार को मोर्चा की बैठक में अगली रणनीति पर विचार होगा। इस दौरान अपना दल बलिहारी के अध्यक्ष धर्मराज पटेल, राष्ट्रीय जनसरदार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमंत चौधरी,
अपना दल यूनाइटेड के अध्यक्ष बच्चा सिंह पटेल, किसान-नौजवान संघ के कार्यकारी अध्यक्ष पटेल महेंद्र सिंह, पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य बौद्ध अरविंद सिंह पटेल, अपना दल एस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव केदारनाथ सचान सहित कई बागी नेता मौजूद रहे।
मामले में अपना दल (सोनेलाल) के प्रदेश अध्यक्ष जाटव आरपी गौतम ने कहा कि पांच वर्ष पहले निष्कासित होकर अलग दलों में गए लोग संस्थापक सोनेलाल पटेल के जयंती समारोह में विघ्न डालने के लिए साजिश कर रहे हैं। हमारे सभी जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। यह पार्टी को बदनाम करने की कोशिश है।
