अपना दल (एस) ने CM योगी को पत्र लिख पदाधिकारियों के पुनः मनोनयन पर जताई आपत्ति

लखनऊ। अपना दल (सोनेलाल) में फूट पड़ गई है। अपना दल (सोनेलाल) के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिख विजेंद्र प्रताप सिंह को अपर शासकीय अधिवक्ता नामित एवं अरविंद कुमार बौद्ध को पूर्वांचल विकास बोर्ड का सदस्य दोबारा मनोनीत करने पर आपत्ति जताई है।
पत्र में कहा गया है कि अपना दल (एस) 2014 से भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन का प्रमुख हिस्सा रहा है और सामाजिक न्याय तथा प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य करता आ रहा है।
हाल ही में संगठन के कुछ पदाधिकारियों—श्रीमती मोनिका आर्या, जो अपर शासकीय अधिवक्ता हैं, और अरविंद बौद्ध, जो पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य हैं—की गतिविधियों और आचरण को संगठन के मूल सिद्धांतों, नीति और अनुशासन के प्रति अस्वीकार्य माना गया है।
इन दोनों पदाधिकारियों को तीन वर्ष पूर्व ही संगठन से निष्कासित किया गया था, लेकिन फिर से बिना पार्टी की अनुमति के इन्हें पुनः मनोनीत किया गया है। इस संदर्भ में अपना दल (एस) ने मुख्यमंत्री से तत्काल इन दोनों पदाधिकारियों को उनके पदों से हटाने का अनुरोध किया है।
ताकि गठबंधन की गरिमा बनी रहे और पार्टी के कार्यकर्ताओं में विश्वास और पारदर्शिता मजबूत हो सके। साथ ही, पार्टी ने नए नाम भी सुझाए हैं, जिन्हें आगे प्रेषित किया जाएगा। संगठन का मानना है कि यह कदम गठबंधन के प्रति भरोसा और संगठन की छवि की रक्षा के लिए आवश्यक है।
