Facebook Twitter Instagram youtube youtube

गुजरात-महाराष्ट्र में भारी बारिश की चेतावनी, केरल में रेड अलर्ट; जानें अन्य राज्यों का हाल

 गुजरात-महाराष्ट्र में भारी बारिश की चेतावनी, केरल में रेड अलर्ट; जानें अन्य राज्यों का हाल
Spread the love

नई दिल्ली। देशभर में मानसून के कारण भारी बारिश का कहर जारी है। कहीं लैंडस्लाइड तो कहीं बाढ़ की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। हिमाचल से लेकर गुजरात तक लोग सैलाब का सितम झेल रहे हैं।

IMD ने आज भी कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल और उत्तराखंड में आज भी बाढ़-बारिश का अलर्ट है, तो वहीं गुजराज और महाराष्ट्र में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग की माने तो राजस्थान, मध्यप्रदेश, केरल, कर्नाटक, ओडिशा, बिहार और झारखंड में भी बारिश होने के पूरे आसार हैं।

बिहार का मौसम

बिहार में मानसून सक्रिय है, जिस वजह से बारिश की संभावनाएं प्रबल हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने पश्चिमी चंपारण, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर, भागलपुर, बांका, किशनगंज, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, अररिया और पूर्णिया में बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

महाराष्ट्र का मौसम

महाराष्ट्र के बुलढाना में घंटों हुई बारिश की वजह से कंचनगंगा नदी उफान पर है जिसका असर बुलढाना के पास मुंबई नागपुर हाईवे पर भी पड़ा।

नदियों के उफान पर होने की वजह से महाराष्ट्र के कुछ ग्रामीण हिस्सों में भी जल जमाव की स्थिति पैदा हुई है। IMD ने महाराष्ट्र के रायगढ़, मुंबई, ठाणे और पालघर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया। इसके अलावा मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट जारी है।

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, जालौर, सिरोही, उदयपुर, दौसा, अजमेर, टोंक, सवाईमाधोपुर, जिलों और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर बिजली की गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने के बावजूद मानसून की बारिश अभी तक नहीं हुई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली और आसपास के इलाकों में मानसून की चाल फिलहाल धीमी है। मौसम विभाग ने 27 जून को गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

उत्तर प्रदेश का मौसम

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज नर्म होने लगा है। बारिश नहीं हो रही है, मानसून की रफ्तार कम हुई है जिससे चिंताएं बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में अगले 5 दिन तक गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल का मौसम

हिमाचल में बारिश से काफी नुकसान हुआ है। चारों तरफ तबाही के ये निशान बताने को काफी हैं कि हिमाचल के धर्मशाला में बादल फटने से कितनी तबाही हुई है।

धर्मशाला में अचानक आई बाढ़ में हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में काम करने वाले मजदूर बह गए थे जिनमें से पांच के शव बरामद हुए हैं और बाकियों की तलाश की जा रही है।

उत्तराखंड का मौसम

उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग में मूसलाधार बारिश के बाद मुनकटिया के पास अचानक पहाड़ दरकने लगा। बोल्डर्स हाईवे पर गिरने के कारण केदारनाथ धाम की तरफ जाने वाले यात्रियों को सोनप्रयाग में ही रोक दिया गया।

गुजरात का मौसम

गुजरात में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कई शहरों के हाल बिगाड़ दिए हैं। अहमदाबाद से लेकर सूरत और नवसारी तक बस पानी ही पानी नजर आ रहा है।

नवसारी जिले में भारी बारिश की वजह से कावेरी नदी पूरे उफान के साथ बह रही है जिसकी वजह से नदी के तट पर बने छोटे-छोटे मंदिर पानी में डूब गए।

सूरत में भी बारिश की वजह से हाल बेहाल हैं। नाले ओवरफ्लो हो गए हैं, सड़क से लेकर घरों के अंदर तक पानी भर गया है और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जम्मू-कश्मीर का मौसम

जम्मू में भी लगातार बारिश से कई जगह बाढ़ जैसे हालात हैं। डोडा-भद्रवाह हाईवे पर बारिश के बाद पानी भर गया। कठुआ के कोट पन्नू इलाके में दो लड़के दरिया में मछली पकड़ने गए थे। अचानक पानी बढ़ गया और दोनों फंस गए।

स्थानीय लोगों और SDRF की टीम ने उन्हें रेस्क्यू किया और सुरक्षित बचा लिया। प्रशासन ने लोगों को चेतावनी दी है कि इस मौसम में नदियों के किनारे न जाएं।

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *