जनगणना पर मायावती सतर्क, केंद्र को दी ईमानदारी की हिदायत; कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

लखनऊ। जनगणना और जातीय गणना के कार्यक्रम को लेकर बसपा भी सतर्कता बरतेगी। पार्टी सुप्रीमो मायावती ने इसे लेकर इशारों- इशारों में संदेह जताया है और केंद्र सरकार को ईमानदारी से गणना कराने की हिदायत दी है।
इस संबंध पार्टी अपने नेताओं-कार्यकर्ताओं को भी सजग करेगी। उन्होंने कांग्रेस पर जनगणना को लटकाने का भी आरोप लगाया। बसपा प्रमुख ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट कर अपने ही अंदाज में केंद्र की भाजपा पर निशाना साधा।
उन्होंने लिखा कि भाजपा ने केंद्र में अपने 11 वर्षों के कार्यकाल के बारे में जो अपार उपलब्धियां वर्णित की हैं, वे जमीनी हकीकत में लोगों की गरीबी, बेरोजगारी, दुख-दर्द दूर करने में कितनी लाभदायक रही हैं, सही समय आने पर जनता खुद उनका जवाब दे देगी। इसकी पूरी उम्मीद है।
जनगणना को लेकर लिखा, ‘देश में राष्ट्रीय व जातीय जनगणना का भी कार्य कांग्रेस के समय से लटका पड़ा था। काफी आवाज उठाने के बाद अब इस मामले में प्रक्रिया शुरू हुई है।
जनकल्याण से सीधे तौर पर जुड़ा जनगणना का यह कार्य देश हित में अब समय से ईमानदारी से पूरा होना चाहिए। केंद्र इस पर ध्यान दे।’ बसपा प्रमुख ने कहा कि इन मामलों में पार्टी के लोगों को सही तथ्यों से अवगत कराने व उन्हें सजग करने का काम करेगी।
चुनावी तैयारियों में जुटी है पार्टी
मायावती ने अपनी पोस्ट माध्यम से पार्टी की चुनावी तैयारियों की भी जानकारी दी हीै। उन्होंने लिखा है कि संगठन को लेकर दिए गए कार्यों की समीक्षा की जा रही है। उप्र सहित अन्य राज्यों में भी छोटी-छोटी बैठकों के ज़रिए विचार-विमर्श लगातार जारी है। मेरे द्वारा खुद बैठक कर शुरू किया गया था।
पूर्वांचल में पार्टी संगठन की तैयारी व जनाधार को बढ़ाने को लेकर हुई बैठक में सख्ती की गई है। वहीं बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव संबंधित रणनीति पर भी काम किया जा रहा है, जिससे बेहतर रिज़ल्ट आ सके।
