उप्र: समधन के प्यार में पगलाए पति ने पत्नी को जलाकर मार डाला, मुकदमा पंजीकृत

अलीगढ़ (उप्र)। बेटी की सास से संबंध होने से नाराज पत्नी ने विरोध किया तो आरोपी पति ने उसको आग के हवाले कर दिया। महिला बुरी तरह से झुलस गयी। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया।
यहां से आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रविवार की दोपहर उनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। थाना पुलिस ने पति व तीन देवर के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
गांधी पार्क क्षेत्र के धनीपुर की निवासी 50 वर्षीय यशोदा को शनिवार को झुलसी हालत में जिला अस्पताल लाया गया था। महिला की बेटी व भाई का कहना था कि यशोदा की बेटी की एक वर्ष पूर्व नगला मानसिंह के एक युवक से शादी हुई थी।
यह रिश्ता होने के बाद राकेश के संबंध बेटी की सास से हो गए। यशोदा इसको लेकर अक्सर नाराजगी जताती थीं। मगर, उनके विरोध पर पति उनकी पिटाई कर देते थे। इसी बात पर शनिवार को भी उनके बीच कहा सुनी हुई और फिर पेट्रोल डालकर यशोदा को जला दिया।
इससे वह 50 प्रतिशत तक झुलस गईं। आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में उनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। बाबा कालोनी निवासी यशोदा के पिता राजवीर सिंह ने थाने में तहरीर दी।
बताया कि उनकी बेटी यशोदा का विवाह 1999 में हुआ था। पति राकेश कुमार के अन्य महिलाओं से गलत रिश्ते हैं। विरोध करने पर पूर्व में भी कई बार यशोदा के साथ मारपीट की गई। छर्रा थाने में भी मुकदमा लिखवाया जा चुका है।
इस मामले में देवर राजकुमार, वेद प्रकाश, मुकेश के खिलाफ जान से मारने के प्रयास में मुकदमा पंजीकृत किया गया। सीओ द्वितीय कमलेश कुमार ने बताया कि मृत्यु की जानकारी अभी नहीं मिली है। पुष्टि होने के बाद हत्या में मुकदमा तरमीम कर दिया जाएगा।
