ठाणे में बड़ा रेल हादसा: लोकल ट्रेन से गिरने से 5 यात्रियों की मौत, कई घायल

ठाणे, महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक बड़ा रेल हादसा हुआ है, जिसमें लोकल ट्रेन से गिरने से 5 यात्रियों की मौत हो गई है। यह हादसा दीवा और मुंब्रा स्टेशन के बीच हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 10 से 12 यात्री चलती ट्रेन से गिरने की जानकारी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन में क्षमता से अधिक भीड़ होने के कारण यात्री दरवाजों पर लटककर सफर कर रहे थे। इसी दौरान असंतुलन के चलते कई यात्री नीचे गिर गए। ट्रेन की भीड़ इतनी अधिक थी कि अंदर जगह नहीं थी, जिससे कई लोग मजबूरी में दरवाजे पर खड़े होकर यात्रा कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं, हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस हादसे के चलते मध्य रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
