भारत में कोरोना का नया वेरिएंट JN.1 फैला रहा संक्रमण !

भारत में कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। नया वैरिएंट JN.1 धीरे-धीरे कई राज्यों में फैल रहा है, जिससे चिंता बढ़ गई है। आइए, आपको बताते हैं ताज़ा हालात। देशभर में कोविड-19 के 257 एक्टिव केस सामने आए हैं। सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र और दिल्ली से रिपोर्ट हुए हैं। महाराष्ट्र में शुक्रवार को 45 नए केस मिले, जिनमें से 35 सिर्फ मुंबई से हैं।
जनवरी से अब तक कुल 210 केस सामने आए हैं, जिनमें से 183 मुंबई में ही मिले हैं। दिल्ली में 23 एक्टिव केस की पुष्टि हुई है। इसके बाद सरकार ने सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है। दिल्ली सरकार ने एडवाइजरी जारी की है। गाजियाबाद में 4 नए केस, जिनमें से तीन मरीज होम आइसोलेशन में हैं और एक निजी अस्पताल में भर्ती है। गुजरात में भी JN.1 वैरिएंट के 15 मरीज मिले हैं, लेकिन सभी की हालत स्थिर है।
कोई अस्पताल में भर्ती नहीं। केरल में मई महीने में 273 नए केस आए हैं। स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने सभी जिलों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। कर्नाटक में 9 महीने का बच्चा संक्रमित मिला है, फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। राज्य में कुल 35 एक्टिव केस हैं। आंध्र प्रदेश और हैदराबाद में भी नए मामले मिले हैं, लेकिन सभी मरीज स्थिर हैं और घर में इलाज चल रहा है। सरकार ने लोगों से सतर्क रहने और घबराने की ज़रूरत नहीं है कहा है। मास्क पहनें, हाथ धोते रहें और भीड़भाड़ से बचें।
