पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की 99वीं जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित, उनके विचारों और संघर्षों को किया गया याद

बांसगांव : पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की 99वीं जयंती शुक्रवार को तहसील कार्यालय परिसर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्र के समाजसेवियों, अधिवक्ताओं और प्रगतिशील किसानों ने उनके योगदान को याद करते हुए उनके जीवन संघर्ष और विचारधारा पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल कल्याण समिति के पूर्व सदस्य सुनील सिंह ने की। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर जी का जीवन एक सच्चे जननेता का प्रतीक है। छात्र राजनीति से लेकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक की यात्रा में उन्होंने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। सुनील सिंह ने यह भी कहा कि चंद्रशेखर जी ने भारतीय राजनीति में न केवल एक नई सोच और भाषा दी, बल्कि देश को एक सूत्र में पिरोने के लिए भारत यात्रा जैसा ऐतिहासिक अभियान भी चलाया, जिससे वे आम जनता से सीधे जुड़ सके। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके आदर्शों को आज के समय में भी प्रासंगिक बताया और युवाओं से उनके विचारों को आत्मसात करने की अपील की। अंत में सभी ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
