‘धरती पर आपका स्वागत है…’, शुभांशु की वापसी पर पीएम मोदी का रिएक्शन; रक्षा मंत्री ने भी दी बधाई

नई दिल्ली। आज पूरी दुनिया की नजरें कैलिफोर्निया के समुद्र में तैरते हुए ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट पर टिकी थीं। 18 दिन अंतरिक्ष में बिताने के बाद शुभांशु शुक्ला समेत चारों अंतरिक्ष यात्री धरती पर सुरक्षित लैंड कर चुके हैं। शुभांशु की वापसी पर पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।
18 दिन में शुभांशु ने ISS में 7 एक्सपेरिमेंट किए हैं। वहीं, शुभांशु अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे और ISS में जाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई लोगों ने शुभांशु को वापसी की बधाई दी है।
पीएम मोदी ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए शुभांशु का स्वागत किया है। पीएम मोदी ने लिखा,”अंतरिक्ष में अपने ऐतिहासिक मिशन के बाद शुभांशु ने धरती पर वापसी की है। सभी देशवासियों के साथ मैं भी शुभांशु के स्वागत में शामिल हूं।
अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन में जाने वाले भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री बने शुभांशु अपने लगन और साहस से करोड़ों लोगों के सपनों को मजबूत किया है। यह हमारे अपने मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन गगनयान की दिशा में एक और मील का पत्थर साबित हो सकता है।”
सभी भारतीयों को शुभांशु पर गर्व: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शुभांशु की वापसी पर पोस्ट शेयर किया है। राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, “Axiom-4 मिशन के तहत ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक वापसी पर सभी भारतीयों को गर्व है।
उन्होंने सिर्फ अंतरिक्ष को नहीं छुआ है बल्कि वो भारत की आकांक्षाओं को भी नई ऊंचाईयों पर लेकर गए हैं। ISS में जाकर वापस आना सिर्फ उनके लिए मील का पत्थर नहीं है बल्कि यह पूरे देश के लिए गर्व की बात है। भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।”
