ऑपरेशन सिंदूर 1971 के बाद भारत का पाकिस्तान पर सबसे बड़ा हमला: राजनाथ सिंह

लखनऊ। केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे। उनका एअरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। लखनऊ के ऐशबाग रामलीला मैदान के सभागार में भाजपा मंडल चार के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कारण आज दुनिया में भारत के प्रति धारणा बदली है।
उन्होंने कहा कि धन दौलत के मामले में भारत तेजी से आगे बढ़ा है। वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने से पहले अर्थव्यवस्था के आकार के मामले में भारत ग्यारहवें नंबर पर था। आज तेजी से छलांग लगाकर भारत की अर्थव्यवस्था चौथे स्थान पर आ गई है। अगले दो से तीन वर्ष में हम तीसरे नंबर पर होंगे।
राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान पोषित आतंकियों के खिलाफ भारतीय सेना के सफल ऑपरेशन को जमकर सराहा। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भी बदलते भारत का साक्षी है। जिसे हमारी बहादुर सेना ने अंजाम दिया है। ऑपरेशन सिंदूर सन 1971 के बाद पाकिस्तान पर सबसे सटीक और माकूल हमला है।
कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा रक्षा मंत्री ने कि कार्यकर्ता ही सांसद, विधायक और पार्षद बनाते हैं, उनको पूरा सम्मान दीजिए। कार्यकर्ता भी वार्ड में अपने आसपास रहने वालों के सुख दुख में शामिल हों। उनमें सत्ता के रुतबे का भाव न हो, विनम्रता और शालीनता बनाए रहें।
रक्षा मंत्री ने कहा कि गोमती नगर जैसा रेलवे स्टेशन भारत ही नहीं पूरे एशिया में देखने को नहीं मिलेगा। लखनऊ जैसा एयरपोर्ट कहीं नहीं है। चारबाग की सेकेंड एंट्री का काम भी 80 प्रतिशत पूरा हो गया है।
कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करते हुए रक्षा मंत्री ने उनका हालचाल पूछा और समस्याएं भी जानी। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य डा.दिनेश शर्मा, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल और पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
